बहेड़ी। पुलिस ने हत्या कर बाइक लूटने के आरोपी 25 हजार के इनामी बदमाश सतीश जाटव को शनिवार रात बहेड़ी-शेरगढ़ रोड पर राजू नगला गांव के पास घेर लिया। मुठभेड़ में सतीश के दोनों पैरों में गोली लगी। एक सिपाही भी घायल हुआ है। आरोपी ने तीन वारदातें कबूल की हैं।
इंस्पेक्टर संजय तोमर ने बताया कि आधी रात में वह एसओजी टीम के साथ शेरगढ़ रोड पर राजू नगला गांव के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी एक बाइक तेज रफ्तार में आती दिखी। पुलिस को देखने के बाद बाइक सवार शेरगढ़ की ओर भागने लगा। इंस्पेक्टर ने इसकी सूचना शेरगढ़ एसओ आशुतोष द्विवेदी को दी। घिरने पर बाइक सवार ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी। पूछताछ में पता लगा कि आरोपी शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गांव सियाठेरी निवासी सतीश जाटव है। सतीश पर एसएसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है।
बाइक लूटने के दौरान करता है हत्या
कस्बा चौकी प्रभारी सन्नी चौधरी ने पूछताछ की तो सतीश ने पिछले दिनों पनवड़िया गांव में बाइक सवार की हत्या कर बाइक लूटने की वारदात को कबूला। सीकरी गांव में युवक की हत्या कर बाइक लूटने की घटना भी उसने ही की थी। पनवड़िया गांव में बाइक लूटने के दौरान उसने जानलेवा हमला किया, पर युवक बच गया। पुलिस ने सतीश के खिलाफ मुठभेड़ का मामला भी दर्ज किया है। उपचार के बाद आरोपी को जेल भेजा जाएगा। सतीश के कब्जे से एक तमंचा, दो कारतूस, पांच खोखा, चोरी की बाइक, एक गंड़ासा, दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
जंगल में डाल रखा था डेरा
आरोपी ने पुलिस को बताया कि पनवड़िया गांव में हत्या कर बाइक लूटने के बाद पुलिस उसके पीछे पड़ गई थी। उसके कुछ साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद उसका नाम सामने आया था। वह काफी समय से गिरोह बनाकर वारदातों को अंजाम दे रहा था। उसने जंगलों में डेरा डाल रखा था। एसपी उत्तरी मुकेश मिश्रा ने बहेड़ी पुलिस टीम की सराहना की। संवाद