मीरगंज/मिलक। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। इसमें एक युवक की मौके पर मौत हो गई। सभी घायलों को नगर के सरकारी अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टर ने बाइक सवार दोनों घायलों को गंभीर व्यवस्था देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
थाना मीरगंज के मोहल्ला शेखीपुरा निवासी सोनू ने पुलिस को बताया कि वह और मीरगंज के मोहल्ला मालीपुरा निवासी छंगे, मीरगंज के मोहल्ला रतनपुरी निवासी 24 वर्षीय मुकेश खाना बनाने का काम करते हैं। बृहस्पतिवार को तीनों थाना मिलक के लोहा पट्टी भागीरथ की हाईवे किनारे स्थित मढ़ी के वार्षिक मेले में खाना पकाने के लिए आए थे। वहां काम करने के बाद तीनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। घने कोहरे में कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। रात के 10 बजे पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी और भाग गया। टक्कर लगने पर तीनों सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अन्य वाहन की चपेट में आकर मुकेश की मौके पर मौत हो गई। हादसे में वह और छंगे गंभीर रूप से घायल हो गए। संवाद
घर में अकेला कमाने वाला था
परिजनों ने बताया कि 24 वर्षीय मुकेश अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला व्यक्ति था। उसके परिवार में दो पुत्र, पत्नी, बहन, छोटा भाई और मां हैं। कोतवाल पुष्कर सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा जा रहा है। दोनों घायलों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।