नवाबगंज। पीलीभीत-बरेली हाईवे पर गांव गरगईया में हिंद शादी हॉल के पास रविवार शाम 7:30 बजे ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। बाइक सवार की पहचान पीलीभीत के गांव सिमरिया के योगेंद्र (26) के रूप में हुई है। पेट्रोल की टंकी फटने से बाइक जलकर राख हो गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ट्रक चालक भाग गया।
चश्मदीदों के मुताबिक, बाइक चालक नवाबगंज की ओर जा रहा था। इस दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने हिंद शादी हॉल के पास बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक कई फीट दूर गिरा। पेट्रोल की टंकी फटने से बाइक में भी आग लग गई। सूचना पर मौके पर आई पुलिस और दमकल की टीम ने आग को बुझाया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
योगेंद्र दो भाइयों में छोटे थे। बड़ा भाई रविंद्र भोपाल में नौकरी करता है। मां की मौत पहले ही हो चुकी है। योगेंद्र अविवाहित थे।