बरेली। बदायूं रोड पर बिशारतगंज के बाइक सवार तीन युवक ओवरटेक करने की कोशिश में रोडवेज बस के नीचे आ गए। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने इन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
रविवार रात करीब 11:30 बजे बरेली से बदायूं जा रही रोडवेज बस के पीछे बिशारतगंज कस्बा निवासी 32 वर्षीय पिंटू, हमउम्र सुशील और पूरन बाइक से जा रहे थे। रामगंगा चौकी के पास इनकी बाइक ने बस को ओवरटेक करने की कोशिश की। इससे बस की साइड लगने से बाइक अनियंत्रित हो गई और बस के नीचे आ गई। इससे तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यूपी 112 पुलिस ने इन्हें तत्काल बदायूं रोड के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पिंटू की मौत हो गई। सुभाषनगर पुलिस ने मोबाइल का लॉक खुलवाकर इनके परिवार को सूचना दी। देर रात परिजन मौके पर पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक बस को आगे पुलिस ने रुकवाकर कब्जे में ले लिया।