फतेहगंज पूर्वी। राष्ट्रीय राजमार्ग पर हरेला चौराहे के पास मंगलवार रात टंपो की टक्कर से सड़क पार कर रहे राजदेव मुखिया (28) की मौत हो गई। वह बिहार के मधुबन के निवासी थे। हरेली स्थित प्लाई की एक फैक्टरी में मजदूरी करते थे।
पुलिस के मुताबिक, स्थानीय लोगों से पता लगा है कि हरेला चौराहे पर सड़क पार करने के दौरान टेंपो की टक्कर से युवक घायल हुआ था। टेंपो चालक बिना रुके फतेहगंज पूर्वी की ओर भाग गया। सूचना पर गई पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से सीएचसी फरीदपुर भेजा। वहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
युवक के पास मिले फोन पर कॉल आई तो उसके भाई बबलू मुखिया ने बात की। उन्होंने बताया कि बिहार के मधुबन निवासी राजदेव मुखिया हरेली स्थित प्लाई फैक्टरी में मजदूरी करने गए थे।
सीओ फरीदपुर संदीप सिंह ने बताया कि युवक के परिजन को सूचित कर दिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से वाहन की पहचान की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।