बरेली। कुतुबखाना सब्जी मंडी के लिए बोलीदाता नहीं मिलने पर अब उसकी नीलामी दोबारा होगी। इसके लिए नगर निगम दोबारा विज्ञापन निकलवाकर बोली के लिए आमंत्रित करेगा।
नगर निगम ने मंगलवार को कुतुबखाना व श्यामगंज सब्जी मंडी, मोती पार्क साइकिल स्टैंड आदि की नीलामी की थी। श्यामगंज मंडी को 8.08 लाख रुपये में मेहंदी हसन को दे दिया गया, लेकिन बाद में उसने असमर्थता जता दी थी। इसे नियमों के विरुद्ध मानते हुए उसकी जमानत राशि जब्त कर ली गई थी। कुतुबखाना सब्जी मंडी के लिए कोई भी बोलीदाता आगे नहीं आया। इस वजह से प्रकिया टालनी पड़ी। बुधवार को भी इसके संचालन के लिए कोई आगे नहीं आया। अब निगम की ओर से दोबारा पूरी प्रक्रिया दोहराई जाएगी।
अभियान चलाकर वसूल की 80 लाख का बकाया
बरेली। नगर निगम के टैक्स विभाग की कार्रवाई जारी है। बुधवार को अलग-अलग जोन में अभियान चलाकर करीब 80 लाख रुपये की वसूली की गई। बकायेदारों को चेतावनी दी गई है कि जल्दी अपना कर जमा करें। वित्त वर्ष 2025-26 की समाप्ति में डेढ़ माह का समय बचा है। कर विभाग अधिक से अधिक वसूली के लिए प्रयास कर रहा है। बुधवार को विभाग ने शहर के चारों जोन में अभियान चलाकर व्यावसायिक व आवसीय भवनों के स्वामियों से 80 लाख रुपये जमा कराए। विभाग का कहना है कि बड़े बकायेदारों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। संवाद