बीएसएफ 122 वीं बटालियन भिटौरा में तैनात कांस्टेबिल 29 वर्षीय हरिकेश प्रसाद पुत्र रामलखन की पोस्टिंग इन दिनों छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कैकेर जिले के संगम इलाके में थी। डिप्टी कमांडेंट जयकरण ने बताया कि शनिवार को हरिकेश साथियों के साथ संगम इलाके में नक्सलियों की टोह लेने निकला था। तभी घात लगाए बैठे आत्मघाती नक्सलियों ने बीएसएफ की टुकड़ी पर हमला कर दिया। एक गोली हरिकेश के पैर में लगी। घायल होने के बाद भी वह आधा घंटे तक दुश्मनों से मोर्चा लेता रहा। लड़ाई के दौरान काफी खून बह गया। बाद में गंभीर हालत में उसे विमान से रायपुर मिलिट्री हास्पिटल लाया गया। यहां इलाज के दौरान दोपहर दो बजे उसने दम तोड़ दिया।
शहीद के गांव जा रहे डिप्टी कमांडेंट जयकरण ने बताया कि हरिकेश वर्ष 2006 में बीएसएफ में भर्ती हुए थे। अक्तूबर 2014 में बीएसएफ भिटौरा 122वीं बटालियन में पोस्टिंग हुई। शादी को दो साल भी नहीं गुजरे हैं। नौ महीने की बच्ची है। परिवार गांव में ही रहता है। पति की शहादत की खबर पाकर पत्नी अनीता समेत पूरे परिवार का बुरा हाल होने की खबर है।