इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) की भारत गौरव पर्यटन ट्रेन श्रद्धालुओं को देश के अलग-अलग हिस्सों में स्थित सात ज्योतिर्लिंग के दर्शन के साथ दक्षिण भारत की यात्रा कराएगी। शुक्रवार को आईआरसीटीसी ने यात्रा पैकेज जारी कर दिया। यह यात्रा 11 रात और 12 दिन की होगी। इसके लिए मासिक किस्तों में भुगतान की सुविधा भी दी गई है। यात्रा के लिए आईआरसीटीसी ने बुकिंग शुरू कर दी है।
आईआरसीटीसी के संयुक्त महाप्रबंधक पर्यटन वायु नंदन शुक्ला और प्रबंधक नवनीत गोयल ने बताया कि भारत गौरव पर्यटन ट्रेन 12 जून को योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से यात्रा शुरू करेगी। 23 जून तक यह गाड़ी सात ज्योतिर्लिंग (महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, नागेश्वर, सोमनाथ, त्र्यंबकेश्वर, भीमाशंकर, घृष्णेश्वर) के साथ द्वारकाधीश और पंचवटी के दर्शन कराएगी। यह गाड़ी ऋषिकेश, हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ और कानपुर स्टेशनों पर ठहराव लेगी।
जानिए, कितना है किराया
इस यात्रा के लिए स्लीपर श्रेणी का किराया 24,100 रुपये है। स्टैंडर्ड श्रेणी एसी तृतीय में एक यात्री का किराया 40,890 और कम्फर्ट एसी द्वितीय श्रेणी में किराया 54,390 रुपये निर्धारित है। किराये में यात्रा के दौरान सड़क परिहवन, होटलों में ठहरने और नाश्ता, दोपहर व शाम का खाना भी शामिल है।
-
बरेली सिटी यार्ड में मेगा ब्लॉक, 13 ट्रेनें होंगी प्रभावित
बरेली सिटी रेलवे स्टेशन के यार्ड में मेगा ब्लॉक के कारण 13 ट्रेनें प्रभावित होंगी। मेगा ब्लॉक क्रॉसिंग संख्या-248/स्पेशल पर अंडरपास के निर्माण के कारण 11 से 17 मई तक लिया जाएगा।
सीनियर डीसीएम संजीव शर्मा ने बताया कि ब्लॉक के दौरान 12 से 16 मई तक 55329-28 कासगंज-बरेली सिटी पैसेंजर बरेली जंक्शन पर यात्रा खत्म करेगी और वापसी में बरेली सिटी के बजाय जंक्शन से ही यात्रा शुरू करेगी। 55316 और 55318 पीलीभीत-बरेली सिटी पैसेंजर, 05402 काशीपुर-बरेली सिटी डेमू ट्रेन, 75304 पीलीभीत-बरेली सिटी डेमू गाड़ी और 75302 टनकपुर-बरेली सिटी सवारी गाड़ी नौ से 15 मई तक तक इज्जतनगर में यात्रा खत्म करेंगी। यह गाड़ियां इज्जतनगर-बरेली सिटी के बीच निरस्त रहेंगी।
05307 टनकपुर-बरेली जंक्शन मेला विशेष गाड़ी 11, 14 और 16 मई को इज्जतनगर में यात्रा समाप्त करेगी। यह गाड़ी इज्जतनगर-बरेली जंक्शन के बीच निरस्त रहेगी। 55315 बरेली सिटी-पीलीभीत, 55313 बरेली सिटी-लालकुआं सवारी गाड़ी, 75303 बरेली सिटी-पीलीभीत डेमू गाड़ी नौ से 15 मई तक, 75301 बरेली सिटी-पीलीभीत डेमू सवारी गाड़ी, 05401 बरेली सिटी-रामनगर स्पेशल डेमू गाड़ी 10 मई से 16 मई तक इज्जतनगर-बरेली सिटी के बीच निरस्त रहेंगी। 05308 बरेली जंक्शन-टनकपुर मेला स्पेशल गाड़ी 12, 15 और 17 मई को बरेली जंक्शन के बजाय इज्जतनगर से चलाई जाएगी।