शैक्षिक सत्र से पहले होगी कॉलेजों की ‘परीक्षा’
- फोटो : शैक्षिक सत्र से पहले होगी कॉलेजों की ‘परीक्षा’
नया शैक्षिक सत्र जुलाई से शुरू हो रहा है और उससे पहले सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों की कड़ी परीक्षा होगी। सेल्फ फाइनेेंस कॉलेजों की शिकायतें मिलने के बाद शासन ने प्रदेश के सभी सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों की रिपोर्ट क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारियों से तलब की है। रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध सेल्फ फाइनेंस कॉलेेज भी इस परीक्षा से गुजरेंगे। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी के माध्यम से शिक्षकों और प्राचार्यों का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। जुलाई से पहले इसकी रिपोर्ट भी तलब की गई है।दरअसल, उच्च शिक्षा उत्थान समिति के प्रदेश अध्यक्ष जेपी सिंह ने शासन को ऑनलाइन शिकायत करके सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में शिक्षकों और प्राचार्यों की नियुक्ति में होने वाली गड़बड़ी की शिकायत की थी। उन्होंने इनकी जांच कराने की मांग की थी। शासन ने मामला संज्ञान में लिया और सभी उच्च शिक्षा अधिकारी को आदेश जारी कर जुलाई से पहले कॉलेजों का भौतिक सत्यापन कराकर रिपोर्ट तलब की है। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. आरपी यादव ने बताया कि शासनादेश मिला है। उसके तहत कार्रवाई की जाएगी।
विवि से संबद्ध कॉलेजों में सामने आ चुके हैं मामले
पुवांया शाहजहांपुर के एक सेल्फ फाइनेंस कॉलेज में प्राचार्य की नियुक्त का मामला सामने आया था। बनारस जिले के रहने वाले एक व्यक्ति को प्राचार्य दिखाया गया, लेकिन हकीकत में वह प्राचार्य नहीं था। विवि में शिकायत के बाद जब जांच हुई तो सारी हकीकत सामने आ गई। बिजनौर और अमरोहा के कुछ कॉलेजों में भी इस तरह की शिकायत आई थी।