बरेली। इंटर चर्चेज क्रिकेट प्रीमियर लीग 2026 में बृहस्पतिवार को बेहद रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। इस टूर्नामेंट के पहले दिन बीर भट्टी मेथोडिस्ट चर्च ने अपना पहला मुकाबला जीतकर शानदार शुरुआत की, वहीं सेंट्रल मेथोडिस्ट चर्च ने अपना दूसरा मैच जीतकर ग्रैंड फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
टूर्नामेंट का पहला मुकाबला बीर भट्टी चर्च और मसीही कलीसिया के बीच खेला गया। मसीही कलीसिया चर्च ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 90 रनों का स्कोर खड़ा किया, जिसमें ईशू जोसफ ने 23 रन और अमित ने 15 रनों का योगदान दिया। जवाब में उतरी बीर भट्टी चर्च की टीम ने इस लक्ष्य को हासिल कर लिया। टीम की ओर से अभय मैसी ने 30 रन और मोनू ने 17 रन बनाए, जिसके चलते बीर भट्टी चर्च ने इस मैच को छह विकेट से अपने नाम कर लिया।
दूसरा मुकाबला इंटरडिपेंडेंट बैप्टिस्ट चर्च और सेंट्रल मेथोडिस्ट चर्च के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंटरडिपेंडेंट बैप्टिस्ट चर्च ने 10 ओवरों में 57 रन बनाए, जिसमें अमन ने अपनी टीम के लिए सर्वाधिक 34 रनों का योगदान दिया। इसके जवाब में सेंट्रल मेथोडिस्ट चर्च ने तूफानी बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और मात्र चार ओवरों में ही नौ विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज कर सीधे ग्रैंड फाइनल का टिकट कटा लिया।
पहले दिन के इन रोमांचक मुकाबलों में वैभव, विनय, डॉ. सलील, अमन, अहम, जैकी आदि खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। इनमें से वैभव और अभय को मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। इस आयोजन के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में पादरी विलियम सैमुअल, संजय पॉल, एनोश चरन और शिमोन सिंह मौजूद रहे।