पिछले एक हफ्ते से गुनगुनी धूप का मजा ले रहे लोगों को अब आगे एक हफ्ते मौसम तंग करने वाला है। मौसम विभाग उसके मिजाज में बदलाव का अनुमान जता रहा है। बरेली में 11 से 15 दिसंबर तक आसमान में बादल और धुंध छाए रहने तथा हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है। तापमान में गिरावट भी आएगी।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते हवाआें के दबाव से मौसम परिवर्तन की संभावना है। उत्तर-पूर्वी हवाआें की वजह से ठंड बढ़ सकती है। रविवार को धूप अच्छी खिली थी लेकिन सोमवार को धूप की गरमाहट में कमी आ सकती है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के निदेशक डॉ. जेपी गुप्ता कहते हैं कि बरेली समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मिलाजुला मौसम रहेगा। सुबह कोहरा रहेगा और दिन में धूप भी बहुत तेज नहीं होगी। 12-13 दिसंबर को बूंदाबांदी के साथ कुछ इलाकों में बौछारें पड़ सकती हैं। 15-16 दिसंबर को अधिकतम तापमान घटकर 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस पर आ सकता है। रविवार को अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लापरवाही न बरतें, ठंड से बचें
जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. रविंद्र पोरवार ने बताया कि मौसम बदलता है तो सावधानी जरूरी है। इस समय गले में इंफेक्शन की शिकायतें बढ़ गई हैं। सर्दी और जुकाम भी ऐसे ही समय में ज्यादा होता है, इसलिए रात में कहीं निकलें तो गले और नाक को मफलर से जरूर ढकें। कोहरा मुंह और नाक से शरीर में जाता है तो इंफेक्शन पैदा करता है।