प्लॉटों के पंजीकरण की आज अंतिम तिथि, 430 प्लॉटों के लिए आ चुके हैं 510 आवेदन
बरेली। रामगंगानगर आवासीय योजना में अब बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) साबरमती, सरस्वती और शिवम एन्क्लेव में 430 प्लॉट बेचेगा। इसके लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 14 दिसंबर है। अब तक करीब 510 आवेदन हो चुके हैं। बीडीए अफसरों को उम्मीद है कि अंतिम दिन करीब ढाई सौ आवेदन और हो जाएंगे। इसी सप्ताह के अंतिम दिन तक लॉटरी के माध्यम से प्लॉटों का आवंटन किया जाएगा।
बीडीए एक्सईएन राजीव दीक्षित ने बताया कि साबरमती एन्क्लेव में 72 वर्गमीटर और 112.5 वर्गमीटर के प्लॉट हैं। सरस्वती एन्क्लेव में 112.5 और 150 वर्गमीटर के प्लॉट हैं, जबकि शिवम एन्क्लेव में 162, 288 और 450 वर्गमीटर के प्लॉटों का आवंटन किया जाएगा। चूंकि प्लॉटों की संख्या से ज्यादा आवेदन आ चुके हैं, लिहाजा आवंटन लाटरी सिस्टम से किया जाएगा।
सभी कॉलोनियों में विकसित होंगे पार्क
नई कॉलोनियां हरियाली से भरपूर होंगी। सभी कॉलोनियों में शानदार पार्क विकसित किए जाएंगे। बीडीए वीसी जोगिंदर सिंह ने बताया कि कॉलोनियों में बिजली, पानी समेत सभी केबल लाइनें अंडरग्राउंड होंगी। सड़कों पर लाइटों के अलावा दो-दो मीटर चौडे़ डिवाइडरों पर पौधे लगाए जाएंगे।
आवंटन नहीं तो वापस होंगे रुपये
पंजीकरण की प्रक्रिया 14 दिसंबर यानी मंगलवार शाम छह बजे तक चलेगी। उसके बाद भूखंडों का लाटरी से आवंटन किया जाएगा। जिन लोगों की लॉटरी नहीं निकलेगी, उनका पैसा वापस कर दिया जाएगा, लेकिन यदि प्लॉट मिल जाता है तो फिर उसकी जगह कहीं और प्लॉट नहीं दिया जाएगा।