लूट और चोरी के आभूषण बरामद, दो तमंचे और छह चाकू भी मिले
फरीदपुर में डकैती, भुता, हाफिजगंज, इज्जतनगर में की थी चोरी
बरेली/फरीदपुर। पुलिस ने शाहजहांपुर के पंखिया गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों ने फरीदपुर की डकैती के अलावा चोरी की तीन अन्य वारदातों को कबूल किया है। उनसे लूट और चोरी का माल बरामद हुआ है। इसके साथ ही तमंचे और चाकू भी मिले हैं। पकड़े गए बदमाश शाहजहांपुर में हाईवे किनारे डेरा डालकर रहते थे।
फरीदपुर थाना क्षेत्र के गांव सरकला में तीन दिसंबर को डिश मैकेनिक अरविंद वर्मा के घर बदमाशों ने असलहों के दम पर डकैती डाली थी। यहां से बदमाश आभूषण और नकदी लूटकर ले गए थे। घटना के बाद से ही पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी थी। सर्विलांस टीम की भी मदद ली जा रही थी। पुलिस को पता चला था कि शाहजहांपुर के निगोही थानाक्षेत्र के गांव ईसापुर के नरवीर उर्फ पप्पू के गैंग ने डकैती डाली है। पुलिस उसकी तलाश में थी। रविवार रात पुलिस को पता चला कि नरवीर अपने गैंग के साथ कंजर गौंटिया से गांव पदारथपुर जाने वाली नहर के पास है तथा डकैती की योजना बना रहा है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने सभी आठ बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें दो बदमाशों के पास से तमंचे और छह के पास से चाकू बरामद हुए।
पुलिस का दावा है कि बदमाशों की निशानदेही पर फरीदपुर में डकैती के दौरान लूटे गए आभूषण और नकदी बरामद हुई। इसके अलावा भुता में एक माह पूर्व हुई चोरी का माल भी बरामद हुआ। रिठौरा में शराब की दुकान में हुई चोरी का भी खुलासा हो गया। बदमाशों ने बताया कि शराब की दुकान से चोरी 15 बोतल शराब बदमाश पी गए और रुपये खर्च कर लिए। इज्जतनगर के एहलादपुर में हुई एक चोरी का माल भी बरामद करने का पुलिस ने दावा किया है। बदमाशों ने बताया कि वारदात से पहले वह शरीर पर तेल लगा लेते थे, ताकि कोई पकड़ न सके।
सात बदमाश शाहजहांपुर और एक बाराबंकी का
पकड़े गए बदमाशों में सात शाहजहांपुर, जबकि एक बाराबंकी का है। इनमें शाहजहांपुर के निगोही थानाक्षेत्र के ईसापुर गांव निवासी नरवीर उर्फ पप्पू गैंग लीडर है। इसी के गांव का बाबू, निगोही थानाक्षेत्र के मिलकिया गांव का घनश्याम, नारायण और भीम शाहजहांपुर के ही सिंधौली थानाक्षेत्र के गांव राऊतपुर निवासी नरपत और डाल सिंह उर्फ डालचंद्र के अलावा बाराबंकी के बद्दपुर थानाक्षेत्र के गांव बसंतपुर का रवि भी गैंग में शामिल हैं। इन बदमाशों ने शाहजहांपुर में हाईवे के किनारे अपने डेरे बना रखे थे। सभी बदमाशों पर लूट और चोरी के कई कई मुकदमे हैं।
ये माल हुआ बरामद
पुलिस ने फरीदपुर डकैती में लूटे गए आभूषणों में एक जोड़ी झुमका, एक जोड़ी कान के कुंडल, एक जोड़ी छोटी बाली, एक अंगूठी, गले की चेन, छह चांदी के सिक्के, दो जोड़ी पायल बरामद की। इसके अलावा भुता में हुई चोरी में अंगूठी, एक जोड़ी कुंडल सोने के, दो जोड़ी चांदी के पायल बरामद की। इज्जतनगर में हुई चोरी में दो जोड़ी चांदी की पायल, सात चांदी के सिक्के व पांच हजार रुपये बरामद किए। हाफिजगंज में हुई चोरी में दो जोड़ी चांदी की पायल व दो चांदी की अंगूठी बरामद की।
पंजाब, लुधियाना में भी घटनाएं करने का शक
एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों की लोकेशन लुधियाना व पंजाब में भी मिली है। कई दिनों तक ये लोग वहां रहे हैं। ऐसे में शक हैं कि इन बदमाशों ने वहां भी वारदात की होगी। पुलिस अब वहां की पुलिस से संपर्क कर रही है।
वारदात करने के बाद बदल देते थे डेरे
पंखिया जाति का यह गिरोह डेरों में रहता है। शाहजहांपुर हाईवे किनारे इनका डेरा था। कुछ दिनों इन्होंने फरीदपुर में भी डेरा डाला। दिन में यह लोग भीख मांगने के नाम पर घूमकर घटना करने वाली जगह को देख लेते थे व रात को वारदात को अंजाम देते थे। घटना नहर किनारे या रेलवे ट्रैक किनारे मकान में करते थे जिससे की आसानी से वहां से भाग सकें। दो-तीन घटनाएं करने के बाद ये अपना डेरा किसी दूसरे जिले में डाल देते थे। जिससे जिले की पुलिस इन्हें पकड़ नहीं पाती थी। हाफिजगंज में चोरी के दौरान बदमाशों ने एक मोबाइल भी चोरी किया था। इस मोबाइल को यह चला रहे थे। सर्विलांस की टीम इसी मोबाइल के सहारे बदमाशों तक पहुंच गई।