आनलाइन कांफ्रेंसिंग करते संतोष गंगवार।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
मुख्यमंत्री ने किया ऑनलाइन शिलान्यास, केंद्रीय मंत्री और अफसर रहे मौजूद
बरेली। बरेली मंडल में करीब 130 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित दो बड़े बिजली घरों का शिलान्यास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और ऊर्जामंत्री श्रीकांत शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। वीडियो कांफ्रेंसिंग पर मुख्यमंत्री ने गांवों में भी 24 घंटे बिजली पहुंचाने का वादा किया। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन में बिजली विभाग ने सराहनीय कार्य किया है।
रविवार सुबह करीब दस बजे शुरू हुई वीडियो कांफ्रेंसिंग में बताया गया कि बरेली स्थित मीरगंज तहसील में प्रस्तावित 132 केवी उप संस्थान 26.15 करोड़ रुपये में बनाया जाएगा, जो कि मार्च 2021 तक बनकर तैयार हो जाएगा, जबकि बदायूं दातागंज में 220 केवी उप संस्थान 103.37 करोड़ रुपये से बनाया जा रहा है। यह प्रोजेक्ट मार्च 2022 में तैयार हो पाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्युतीकरण से औद्योगिक विकास भी होगा। शिलान्यास कार्यक्रम में बरेली से केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार मुख्य रूप से जोड़े गए। उन्होंने एनआईसी जाने से मना कर दिया था, इसलिए विभागीय अफसरों ने उनके आवास पर ही वीडियो कांफ्रेंसिंग सुविधा उपलब्ध कराई। एनआईसी में डीएम नीतीश कुमार और पारेषण अधीक्षण अभियंता एके जायसवाल आदि मौजूद रहे।