शुक्रवार शाम घर से रिक्शा लेकर निकला था फिर नहीं लौटा
बिथरी चैनपुर। शुक्रवार को बरेली से लापता हुए 19 वर्षीय ई रिक्शा चालक की लहूलुहान लाश शनिवार को बिथरी इलाके में एक बरातघर के पीछे मिलने पर हड़कंप मच गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक उसका गला दबाने के बाद किसी वजनदार चीज से सिर कुचल दिया गया था। पुलिस की छानबीन में फिलहाल हत्या का कारण साफ नहीं हो सका है।
जोगी नवादा में रहने वाला कमल ई रिक्शा लेकर शुक्रवार शाम घर से निकला था। मां रामबेटी के मुताबिक रात भर वह घर नहीं लौटा तो उन्होंने मोबाइल पर उससे बात करने की कोशिश की लेकिन उसका फोन बंद निकला। शनिवार सुबह छह बजे उनके पड़ोसी ने बताया कि कमल का रिक्शा सेटेलाइट बस स्टैंड से थोड़ा आगे खड़ा है। वह और उनके पति बाबूराम ने वहां पहुंचकर पूछताछ की लेकिन फिर भी कमल के बारे में कुछ पता नहीं चला। करीब दस बजे थाना बिथरी चैनपुर से फोन आया तो वह वहां पहुंचीं। मौके पर कमल का ही शव पड़ा था। उसके सिर को वजनदार चीज से कुचला गया था। पोस्टमार्टम में भी सिर की चोट से ही मौत की पुष्टि हुई। हालांकि उसका गला भी दबाया गया था। रामबेटी ने पूछताछ में बेटे की किसी दुश्मनी या प्रेमप्रसंग की जानकारी होने से इनकार किया। रामबेटी ने बताया कि उनका परिवार मूल रूप से कटरा (शाहजहांपुर) के गांव कपूर नगला का रहने वाला है। जोगी नवादा में वे लोग किराये पर रहते हैं।
गायब मिली ई रिक्शा की नई बैटरी
कमल ने कुछ समय पहले ही रिक्शा में 26 हजार रुपये की नई बैटरी डलवाई थीं जो रिक्शा में नहीं मिलीं। सेटेलाइट बस स्टैंड पर नशेड़ी और स्मैकियों की भरमार होने की वजह से पुलिस को शक है कि कमल कहीं ऐसे ही किन्हीं लोगों के चंगुल में तो नहीं फंस गया। पुलिस के मुताबिक कमल की हत्या कहीं और करने के बाद शव को बिथरी इलाके में फेंक दिया गया। पुलिस उसकी कॉलडिटेल की भी छानबीन कर रहा है। ई रिक्शा वालों के आपसी झगड़े की संभावना पर भी विचार किया जा रहा है।