छवि यादव फैशन मॉडल के तौर पर काम करने के साथ बरेली के स्थानीय उत्पादों का प्रचार करती हैं। वहीं, शिक्षिका स्नेहा यादव अध्यापन के साथ कंटेंट क्रिएशन कर रही हैं। उनका कहना है कि महिलाएं अब केवल घर तक सीमित नहीं हैं। वे सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ आर्थिक रूप से भी आत्मनिर्भर हो रही हैं।
जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक होना जरूरी
अरुण कश्यप शहर से जुड़े मुद्दों तथा जागरूकता पर वीडियो बनाते हैं। उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट गलत तरीके से निलंबित होने की स्थिति में उसे दोबारा शुरू कराने के लिए बेहतर व्यवस्था की मांग की। कंटेंट क्रिएटर्स ने कहा कि नए क्रिएटर्स को सोशल मीडिया के नियमों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जाना चाहिए। इसके लिए जागरूकता कार्यक्रम किए जाएं।
वायरल होने की होड़ में भ्रामक या गलत सूचनाएं प्रसारित नहीं की जानी चाहिए। ऐसे कंटेंट पर कार्रवाई होनी चाहिए और गलत सूचना फैलाने वाले अकाउंट बंद किए जाने चाहिए। कार्यक्रम में शिवांश शर्मा, सचिन कश्यप, शैलेंद्र भारती, सुबोध आर्या, अभिषेक कश्यप, नितिन कुमार आदि मौजूद रहे।