आंवला (बरेली)। मनौना गांव में सीमेंट के पोल से युवक का सिर कूंचकर हत्या किए जाने के बाद शव बाग में फेंक दिया गया। बड़े भाई ने करीबी दोस्त व एक अन्य के खिलाफ रिपोर्ट कराई है। आशंका है कि नशेबाजी में विवाद के दौरान हत्या की गई। पुलिस नामजद आरोपी समेत तीन को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मनौना गांव में कर्बला के पीछे आम के बाग में रविवार सुबह शरीफ अहमद (22) का शव पड़ा मिला। सुबह छह बजे खेत पर काम करने पहुंचे ग्रामीणों ने शव मिलने की सूचना दी। सीओ व इंस्पेक्टर पुलिस के साथ घटनास्थल पहुंचे और ग्रामीणों से पूछताछ की। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। शरीफ का सिर कुचला हुआ था। पास के ही खाली प्लॉट की चहारदीवारी के अंदर सीमेंट के पोल का टुकड़ा पड़ा था, जिस पर खून के निशान थे। शव के पास नशे के खाली इंजेक्शन पड़े थे। एसपी सिटी मानुष पारीक ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। भाई शफीक अहमद ने उन्हें बताया कि रात में बस्ती में एक बरात आई थी। वहां दावत में डीजे बज रहा था। रात में शरीफ के साथ बस्ती का ही उसका दोस्त ताजिम व कुछ अन्य लोग वहां थे। इन्हीं लोगों पर शफीक ने हत्या का शक जताया। पुलिस ने ताजिम व अज्ञात साथियों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने ताजिम व दो अन्य को हिरासत में लिया है।
घटनास्थल का मुआयना किया तो वहां नशे में इस्तेमाल होने वाले इंजेक्शन मिले हैं। आशंका है कि साथ में नशा करने के दौरान किसी बात पर विवाद के दौरान शरीफ की हत्या की गई है। हिरासत में लिए युवकों का नशा उतरने के बाद पूछताछ की जाएगी। - मानुष पारीक, एसपी सिटी
अमर उजाला ब्यूरो