बरेली। स्पोर्ट्स फॉर स्कूल कार्यक्रम के तहत सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज में बालक-बालिका वर्ग मंडलीय विद्यालयीय हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर तीन वर्गों में आयोजित प्रतियोगिता में मंडल से बरेली व बदायूं जिलों की ही टीमों ने प्रतिभाग किया। बालक वर्ग के अंडर-19 व अंडर-17 में बरेली की टीम ने बाजी मारी।
मंडलीय क्रीड़ा सचिव नईम अहमद ने बताया कि दो टीमों के ही प्रतिभाग करने से हर वर्ग में महज एक ही मुकाबला कराया जा सका। इसमें बालक वर्ग अंडर-19 व अंडर-17 में बरेली ने बदायूं की टीम को मात दी। वहीं अंडर-14 में बदायूं ने बरेली को पराजित किया। बालिका वर्ग अंडर-19 व अंडर-17 में बदायूं ने बरेली को हराया। अंडर-14 में बरेली ने बदायूं को मात दी।
इससे पूर्व प्रतियोगिता का शुभारंभ राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ओपी राय व उप प्रधानाचार्य कुसुमलता राजपूत व गजराज ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर किया। मंच संचालन मंडलीय क्रीड़ा सचिव नईम अहमद, आरिफ शाह व मो. शान ने किया। इस दौरान कमल तिवारी, सुनीला मैसी, रेखा राठौर, सुनीता प्रसाद, सुमन सागर आदि उपस्थित रहे। संवाद