बरेली। शैक्षिक सत्र 2025-26 के लिए स्पोर्ट्स फॉर स्कूल के अंतर्गत सोमवार को मंडलीय बालक-बालिका फुटबॉल व कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। फुटबॉल के बालक वर्ग में बरेली की टीम ने अंडर-19 व 17 वर्ग में शाहजहांपुर को मात दी।
स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ मंडलीय क्रीड़ा प्रभारी नईम अहमद ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर किया। अंडर-19 वर्ग में बरेली व शाहजहांपुर के बीच फाइनल मुकाबला हुआ, जिसमें बरेली ने शाहजहांपुर को 2-0 से पराजित किया। बरेली की तरफ से अफताब खान और गौरव ने एक-एक गोल दाग टीम को विजेता बनाने में अहम भूमिका निभाई।
वहीं, अंडर-17 वर्ग में बरेली और शाहजहांपुर की टीमों के बीच खिताबी भिड़ंत हुई। इसमें बरेली ने शाहजहांपुर को 3-0 से मात दी। प्रतियोगिता का संचालन क्रीड़ा प्रभारी आदेश सिंह यादव ने किया। इस दौरान शाहिद रजा, मीरा गंगवार, मोनिका वर्मा, अनुराग निर्मल, आशु भारती (फुटबॉल कोच) आदि मौजूद रहे।
मंडलीय बालिका वर्ग फुटबॉल प्रतियोगिता में बरेली के अलावा अन्य जिलों से टीम नहीं आई। ऐसे में बिना खेले ही बरेली की टीम को विजेता घोषित कर दिया गया। बरेली की टीम अब प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में मंडल का प्रतिनिधित्व करेगी। संवाद
-
बालक वर्ग कुश्ती में एफआर इस्लामिया का दबदबा
जय नारायण सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में सोमवार को बालक वर्ग की कुश्ती ने दर्शकों को रोमांचित किया। कांति कपूर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में बालिकाओं ने भी अपनी शक्ति और जज्बे का परिचय दिया। बालक वर्ग में एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज, बरेली ने सभी भार वर्गों पर दबदबा कायम रखते हुए स्वर्ण पदकों की झड़ी लगा दी।
अंडर-14 फ्रीस्टाइल वर्ग में आयुष (35 किग्रा), अयान मलिक (38 किग्रा), शब्द (41 किग्रा), ललित कुमार (44 किग्रा), सुमित पूनिया (48 किग्रा), दीपक प्रजापति (52 किग्रा), जतिन शर्मा (57 किग्रा), सूर्य देव (62 किग्रा) और कृष्ण यादव (68 किग्रा) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीते। अंडर-17 फ्रीस्टाइल में अंकुश (45 किग्रा), रितेश (48 किग्रा), अक्षय बालियान (51 किग्रा), अर्जुन (55 किग्रा), अमित (60 किग्रा) और जतिन (71 किग्रा) ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया।
ग्रीको रोमन शैली में भी एफआर इस्लामिया के पहलवानों का दबदबा कायम रहा। अंडर-17 ग्रीको रोमन वर्ग में राहुल (45 किग्रा), मनीष (48 किग्रा), वंश (51 किग्रा), रमन (55 किग्रा), रवि यादव (65 किग्रा), काजू राजभर (71 किग्रा), प्रशांत (80 किग्रा) और अभिनव (60 किग्रा) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, अंडर-19 ग्रीको रोमन कुश्ती में वली हसन (60 किग्रा), विनय तोमर (67 किग्रा) और अमित (55 किग्रा) ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
जनपदीय बालिका कुश्ती प्रतियोगिता में एसएस पब्लिक स्कूल की बॉबी सिंह ने अंडर-14 के 30 किग्रा भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। गवर्नमेंट हाई स्कूल दलपतपुर, भोजीपुरा की अनामिका ने अंडर-17 के 40 किग्रा भार वर्ग में पहला स्थान पाया। भारत इंटर कॉलेज, भोजीपुरा की नैना ने अंडर-19 के 52 किग्रा भार वर्ग में जीत दर्ज की।
श्री गुरु नानक रिक्खी सिंह कन्या इंटर कॉलेज की राधा कश्यप ने अंडर-19 के 61 किग्रा भार वर्ग में व अमनप्रीत कौर ने अंडर-19 के 71 किग्रा भार वर्ग में जीत दर्ज कर अपने विद्यालय का मान बढ़ाया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका प्रशांत सिंह, निधि और सुनीता सिंह ने निभाई। प्रधानाचार्य अर्चना गहलोत ने विजेता छात्राओं को पदक और प्रमाणपत्र दिए।