दो दिन बाद थमेगी तापमान में गिरावट
पश्चिमी विक्षोभ के पूर्वी अग्रसरण के कारण शुरू हुआ घने कोहरे का प्रकोप अभी दो दिन जारी रहेगा। फिलहाल कोहरे को लेकर अनुकूल परिस्थितियों के कारण इसके क्षेत्रफल और घनत्व में वृद्धि हो रही है। इस दौरान बरेली में दृश्यता न्यूनतम 10 मीटर तक पहुंच गई है। मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार के अनुसार 30 दिसंबर से पुनः पुरवा का प्रभाव आने से तापमान में आने वाली गिरावट थमने के साथ कोहरे का घनत्व भी कम होने की अनुमान है।
40 बसें रद्द, कई को रास्ते में रोका
बरेली और रुहेलखंड डिपो से रात्रि सेवाओं की देहरादून, कौशांबी, वाराणसी, लखनऊ, रुपड़िया, कानपुर जाने वाली 40 बसों को रद्द कर दिया गया। सामान्य दिनों में लंबे रूटों पर दोनों डिपो की 98 बसें रात्रिकालीन सेवाओं में रहती हैं। यात्रियों की संख्या कम होने के साथ घना कोहरा होने के कारण शाम सात-आठ बजे तक 58 बसों को ही रात्रिकालीन सेवाओं पर रवाना किया गया। कोहरे के कारण इनमें भी कई बसों को रास्ते में रोकना पड़ा।
बुधवार और बृहस्पतिवार रात घने कोहरे के कारण रोडवेज की प्रवर्तन टीमें बरेली-दिल्ली, बरेली-नैनीताल और बरेली-लखनऊ हाईवे पर तैनात रहीं। घने कोहरे के कारण नैनीताल हाईवे के भोजीपुरा, लखनऊ हाईवे के फरीदपुर और दिल्ली हाईवे के फतेहगंज पश्चिमी टोल प्लाजा पर बसों को रोकना पड़ा।
एआरएम रुहेलखंड डिपो अरुण कुमार वाजपेयी ने बताया कि ठिठुरन और कोहरे के कारण यात्रियों की संख्या में 25 से 30 फीसदी तक कमी आई है। बुधवार रात रात्रिकालीन सेवाओं की 40 बसों को रद्द कर दिया गया। कई बसों को टोल प्लाजा पर रोकना पड़ा।लगातार घने कोहरे और शीतलहर के कारण यात्रियों की संख्या में कमी से आमदनी में गिरावट और हादसों की आशंका के कारण रोडवेज रात्रिकालीन सेवाएं निरस्त करने पर विचार कर रहा है।
प्रदेश के कई रीजन ने कोहरे के कारण रात्रिकालीन सेवाओं में 50 फीसदी तक की कटौती की है। बरेली रीजन के चार डिपो में भी इन दिनों रात्रिकालीन सेवाओं पर 40 फीसदी तक कम बसों को रूट पर भेजा जा रहा है।