एलीट विंटर कप के चौथे मैच में एसएससीए ने रवींद्र नाथ अकादमी बरेली को हराया
शाहजहांपुर। एसएस कॉलेज के मैदान पर एलीट विंटर कप के चौथे मैच में कुशाग्र की शानदार पारी के दम पर एसएससीए ने रवींद्र नाथ टैगोर क्रिकेट अकादमी बरेली को रोमांचक मुकाबले में 339 रनों से हरा दिया।
टॉस जीतकर एसएससीए ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। टीम ने निर्धारित 30 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 422 रन बनाए। कुशाग्र ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए 66 गेंदों में 188 रनों की पारी खेली। इसमें 19 छक्के शामिल रहे। युवराज ने 22 गेंदों पर 62 रनों की पारी खेली।
रवींद्र नाथ टैगोर क्रिकेट अकादमी की ओर से अभिमन्यु ने दो विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रवींद्रनाथ टैगोर क्रिकेट अकादमी की टीम दबाव में दिखाई दी। टीम 17.3 ओवर में मात्र 83 रन पर ऑल आउट हो गई। बल्लेबाज रिजवान ने 28 गेंदों पर 22,अभिमन्यु ने 16 गेंदों पर 16 रन बनाकर संघर्ष किया। एसएससीए की ओर से समर ने घातक गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट अपने नाम किए।
शानदार प्रदर्शन के लिए कुशाग्र को मैन ऑफ द मैच चुना गया। अभिमन्यु को उनके जुझारू खेल के लिए फाइटर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। मैच में अंपायरिंग दीपांशु, रोहित और सतेंद्र ने की। स्कोरर आरुष और वंश रहे। राघव, वरुण और अंश ने संचालन किया। संवाद