गणतंत्र दिवस पर उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाना है। इसके लिए शासन स्तर से नाम तय होकर सूची जारी हो गई है। बरेली के एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान को डीजीपी का प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। पुलिस लाइन में सुबह नौ बजे शुरू होने वाली परेड में एडीजी व आईजी उन्हें सम्मानित करेंगे।
घुले सुशील चंद्रभान वर्ष 2012 बैच के आइपीएस अधिकारी हैं। पिछले साल सावन के दिनों में जब शहर दंगे की चपेट में आया था तो तत्कालीन एसएसपी प्रभाकर चौधरी की जगह उन्हें भेजा गया था। उन्होंने न केवल स्थिति सुधारी बल्कि प्रदेश में पहली बार दो स्मैक तस्करों पर पिट एनडीपीएस एक्ट लगाकर उल्लेखनीय काम किया। वह कासगंज में एसपी के रूप में डीजी का गोल्ड मेडल, मऊ में डीजी का सिल्वर मेडल और सीतापुर में डीजी के प्लेटिनम डिस्क से सम्मानित हो चुके हैं।
एसटीएफ के सीओ और इंस्पेक्टर भी होंगे सम्मानित
बरेली एसटीएफ यूनिट के प्रभारी सीओ अब्दुल कादिर को शौर्य के आधार पर डीजी के प्रशंसा चिह्न सिल्वर के लिए चुना गया है। मूल रूप से मुरादाबाद जिले के ठाकुरद्वारा निवासी अब्दुल कादिर वर्ष 2008 बैच के पीपीएस अधिकारी हैं। बरेली से पहले वह मेरठ, आगरा, सहारनपुर और नोएडा में तैनात रहकर कई पदक झटक चुके हैं। हाल ही में बरेली एसटीएफ में तैनात इंस्पेक्टर राकेश कुमार सिंह चौहान को मुख्यमंत्री का प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।