बरेली संसदीय सीट से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी प्रवीण सिंह ऐरन महंगी घड़ियों, गहनों व लग्जरी वाहनों के शौकीन हैं। नामांकन पत्र के साथ दाखिल किए गए शपथपत्र में उन्होंने बताया है कि उनके पास 5.40 लाख रुपये की हीरे की दो अंगूठियां, 12 लाख रुपये की आठ घड़ियां, चार लाख रुपये के दो पेन हैं। पत्नी के पास 1.38 करोड़ रुपये के गहने हैं।
प्रवीण सिंह ऐरन वर्ष 2018-19 में 86.21 लाख और 2022-23 में 78.50 लाख रुपये आयकर जमा किया था। पत्नी सुप्रिया ऐरन ने वर्ष 2018-19 में 6.39 लाख और वर्ष 2022-23 में 11.45 लाख रुपये आयकर जमा किया था। खुद के पास नकदी 3.50 लाख रुपये और पत्नी के पास 70 हजार रुपये हैं।
तीन कंपनियों में किया है निवेश
बैंकों में ऐरन के और पत्नी के नाम से एक करोड़ रुपये जमा हैं। तीन कंपनियों में भी निवेश है। एनपीएस में खुद के और पत्नी के नाम से करीब एक करोड़ रुपये जमा किए हैं। दो लग्जरी वाहन, दो ट्रैक्टर, पत्नी के पास एक ट्रैक्टर है। उन्होंने अपने पास 7.79 करोड़ और पत्नी के पास 2.48 करोड़ रुपये की चल संपत्ति दर्शायी है।
प्रवीण सिंह ऐरन के पास आवास, व्यावसायिक भवन समेत 163 करोड़ रुपये और पत्नी के पास 9.38 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति बताई है। उन पर 23.60 लाख रुपये कर्ज है। पत्नी पांच लाख कर्जे में हैं। पेशा वकालत और रियल एस्टेट बताया है। पत्नी समाजसेविका हैं।
सत्ता पक्ष की शह पर मुझे बैरियर पर रोका : प्रवीण
सपा प्रत्याशी प्रवीण सिंह ऐरन ने मंगलवार को दूसरी बार पर्चा जमा करने से रोकने पर सत्ता पक्ष को घेरा। वह पहला पर्चा दाखिल कर चुके थे। दूसरा पर्चा जमा करने पहुंचे तो समय सीमा का हवाला देते हुए पुलिस-प्रशासन ने उन्हें रोक दिया। उन्होंने इसे सत्तापक्ष की साजिश बताते हुए कहा कि वे चाहते थे कि मैं नामांकन दाखिल न कर सकूं लेकिन हमने पहले ही एक सेट में पर्चा जमा कर दिया था। यहीं वे हारे और हमारी जीत की शुरुआत हुई।
उन्होंने बताया कि उन्होंने सांसद संतोष गंगवार को ध्यान में रखकर चुनाव की तैयारी की थी पर उनका टिकट कट गया। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी छत्रपाल सिंह गंगवार पर आपराधिक इतिहास छिपाने का आरोप लगाया।