बरेली। परिक्षेत्र को जनवरी के पहले सप्ताह 50 नई रोडवेज बसें मिल जाएंगी। इन नई बसों को भी महाकुंभ के बेड़े में शामिल किया जाएगा। बरेली परिक्षेत्र की 430 बसों का आवंटन महाकुंभ के लिए किया गया है। नई बसों की खेप मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर बसों की कमी आड़े नहीं आएगी।
रीजन को 50 नई बसें दिवाली से पहले मिली थीं, लेकिन कानपुर स्थित केंद्रीय वर्कशॉप में समय से बॉडी मेकिंग समेत अन्य काम पूरे नहीं हो सके। इस कारण बसें बरेली नहीं आ सकीं। जनवरी में 50 बसों की यह खेप दो बार में बरेली पहुंचेगी। यहां रीजनल वर्कशॉप से बसों का आवंटन बरेली, रुहेलखंड, पीलीभीत और बदायूं के लिए किया जाएगा।
इधर, जनवरी के पहले सप्ताह से ही बसों की रवानगी प्रयागराज महाकुंभ के लिए भी शुरू हो जाएगी। सेवा प्रबंधक धनजीराम ने बताया कि प्रयागराज महाकुंभ के लिए 430 बसों का आवंटन किया गया है। संवाद