सीबीगंज में बचाई युवती की जान
सीबीगंज क्षेत्र निवासी बीए तृतीय वर्ष की छात्रा की सोमवार को मेटा अलर्ट की वजह से ही जान बच सकी। प्रेमी की बेरुखी से तंग युवती ने सल्फास की गोलियों का पैकेट दिखाते हुए इंस्टाग्राम पर आत्महत्या की पोस्ट डाली थी। मेटा अलर्ट से लोकेशन निकालकर पुलिस 16 मिनट में छात्रा के पास पहुंच गई। छात्रा उल्टियां कर रही थी और परिजन अनभिज्ञ थे। पुलिस ने उसे तत्काल इलाज दिलाकर बचा लिया।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: सेना का जवान हुआ साइबर ठगी का शिकार, बैंक खाते से 60 हजार रुपये पार
फंदा डालकर गुड बाय जिंदगी की पोस्ट करके सोता मिला
बारादरी थाना पुलिस ने पिछले महीने मेटा के अलर्ट पर जब एक युवक का घर खोजा तो वह कमरा बंद कर सोता मिला। दरअसल प्रेम विवाह के बाद पत्नी मायके चली गई थी। उसे डराने के लिए युवक ने गले में फंदा डालकर फेसबुक पर वीडियो शेयर करते हुए गुड बाय जिंदगी लिख दिया था। हालांकि, युवक ने यह केवल मस्ती में किया और वह सुरक्षित मिला तो पुलिस ने उसे थाने ले जाकर सबक भी सिखाया। भविष्य में ऐसा न करने की नसीहत देकर छोड़ दिया।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि सोशल मीडिया पर आत्महत्या से संबंधित पोस्ट पर मेटा से मिलने वाला अलर्ट बहुत काम आ रहा है। पुलिस फौरन लोकेशन ट्रेस कर लोगों की जान बचाती है। करीब 12 बार अलर्ट मिलने से लोगों की जान बचाई गई है या फिर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस को ऐसे मामलों में संबंधित लोगों की काउंसलिंग करने का भी निर्देश दिया गया है।