यह है पूरा घटनाक्रम
विशारतगंज के वार्ड सात निवासी छोटेलाल गोस्वामी ने बारादरी थाने के इंस्पेक्टर क्राइम अरविंद सिंह को बताया कि उनका पुत्र गौरव गोस्वामी (25) और भतीजा आकाश गोस्वामी बुधवार दोपहर बाद उनके दूसरे भतीजे मनोज गोस्वामी से मिलने शाही थाना क्षेत्र के गांव कुल्छा गए थे। वहां से गौरव, आकाश व मनोज शाम को बरेली आए। मनोज अपने दोस्त लकी लभेड़ा, आकाश राठौर, डंपी व अनिल से मिला। सभी ने डमरू चौराहे के पास स्थित होटल में खाना खाया। रात एक बजे सभी बाइक से सेटेलाइट चौराहे की तरफ निकले।
यह भी पढ़ें- Bareilly: चेहरे पर गोली मारकर युवक की हत्या, टेंपो चालक से मामूली बात पर हुआ था झगड़ा, तीन आरोपी हिरासत में
छोटेलाल का आरोप है कि सेटेलाइट पुल के पास बाइक मोड़ते वक्त अचानक टेंपो सामने आने से हादसा होते-होते बचा। तब टेंपो चालक अनस उर्फ मुलायम से उउनकी मामूली कहासुनी हो गई। इसके बाद टेंपो चालक गाली देकर आगे बढ़ गया। गौरव और उसके दोस्तों ने उसका पीछा किया।
ईसाइयों की पुलिया मोड़ से खुर्रम गौंटिया की ओर मुड़कर अनस ने अपने घर के पास टेंपो रोक दिया। अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया। अनस व उसके साथी नैतिक सोनकर, बिहारी सोनकर, राजा, अभय, शेखर, चंदन और समीर समेत कुछ अज्ञात लोगों ने मिलकर गौरव, आकाश और मनोज की पिटाई शुरू कर दी।
बिहारी नाम के आरोपी ने मारी गोली
इस दौरान हमलावरों ने कहा कि बिहारी गोली मार, ये लोग दादागिरी कर रहे हैं। इतना सुनते ही बिहारी ने तमंचा निकाल कर फायरिंग कर दी। एक गोली गौरव के चेहरे पर आंख के पास लगी। गौरव चीखकर सड़क पर ही गिर गया। आकाश, मनोज और उनके साथी गौरव को निजी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सक ने गौरव को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर रात में ही एसपी सिटी मानुष पारीक, सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि मोड़ पर बाइक के आगे टेंपो आने से शुरू हुए विवाद के बाद बिशारतगंज निवासी युवक की हत्या कर दी गई। तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश के लिए एसओजी समेत तीन टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।