बरेली के सीबीगंज में भाजपा की महिला कार्यकर्ता को भाई के मोबाइल नंबर पर कॉल करके बम से उड़ाने की धमकी दी गई। कॉल करने वाले ने खुद को गोल्डी बराड़ गिरोह का सदस्य बताया। पीड़ित की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव तिलियापुर निवासी भाजपा कार्यकर्ता रोशनी खान एनजीओ संचालिका हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह पांच वर्ष से समाजसेवा में लगी हैं। रविवार शाम सात बजे उनके भाई जफर खान के मोबाइल फोन पर अनजान नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई।
'बम से उड़ाकर ठिकाने लगा देंगे'
कॉल करने वाले ने जफर से कहा कि तुम्हारी बहन आजकल बहुत बड़ी नेता बन गई है, वह बहुत उड़ रही है। उससे कहो कि हवा में कम उड़े, वरना कुछ दिनों में उसको बम से उड़ाकर ठिकाने लगा दिया जाएगा। दोबारा फिर व्हाट्सएप कॉल आई तो जफर ने मोबाइल फोन रोशनी को ही दे दिया। धमकाया गया कि वह गोल्डी बराड़ गिरोह का सदस्य है और उसकी बात न मानने पर उसे मार दिया जाएगा।
रोशनी के मुताबिक नंबर पाकिस्तान का बताया जा रहा है। इससे वह और उनका परिवार दहशत में हैं। रोशनी की ओर से अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि संबंधित नंबर की जांच शुरू कर दी गई है।