रामवाटिका में आवाजाही पर प्रतिबंध, आगरा से आया परिवार तड़के ही निकल गया
बरेली। बांस मंडी में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद मठ चौकी के पास नया हॉटस्पॉट बनाकर सख्ती बढ़ा दी गई है। रामवाटिका में भी आवाजाही पर सख्ती से प्रतिबंध लगा दिया गया है। यहां आगरा से आया परिवार अमर उजाला में खबर छपने के बाद तड़के ही घर में ताला डालकर चला गया।
गर्भवती महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मठ चौकी क्षेत्र में उसके घर के आसपास 250 मीटर के क्षेत्र को हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया है। वहां पांच जगह बैरिकेडिंग लगाकर पुलिस तैनात की गई है। अगले 21 दिन तक यह इलाका सील रहेगा। इंस्पेक्टर गीतेश कपिल ने बताया कि मंगलवार रात मठ चौकी की एक गर्भवती महिला की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद अधिकारियों के निर्देश पर इस इलाके को हॉटस्पॉट बना दिया गया है। बुधवार को कोतवाली और मठ चौकी पुलिस ने पांच जगह बैरिकेडिंग लगाकर इलाका सील कर दिया। करीब तीस पुलिसकर्मी यहां सुरक्षा बंदोबस्त देखेंगे। स्थानीय लोगों को जरूरत का सामान घरों पर ही मुहैया कराया जाएगा।
रामवाटिका के सारे गेट पहले ही बंद कर दिए गए थे। केवल एक गेट से आवागमन हो रहा था। पहले वहां चौकीदार बैठता था। अब पुलिस ने गेट पर सुरक्षा की जिम्मेदारी खुद संभाल ली है। स्थानीय लोग खुद ही एहतियात बरत रहे हैं। आगरा का एक परिवार कार से रामवाटिका कॉलोनी स्थित अपने घर आया था। स्थानीय लोगों ने इस बारे में अधिकारियों को सूचना दी। अमर उजाला ने इस बारे में बुधवार सुबह खबर छापी। इसके बाद परिवार घर में ताला लगाकर चला गया।