बरेली। सोमवार देर रात एसएसपी के निर्देश पर शहर से देहात तक चलाए गए अभियान में चौराहे पर कार लगाकर शराब पीते नगर निगम के बाबू पकड़े गए तो एसडीएम का ड्राइवर बिना कागज कार दौड़ाता मिला। जांच पड़ताल के बाद चेतावनी देकर इन लोगों को छोड़ दिया गया।
सोमवार देर रात पुलिस ने जिले भर में शराबियों, हुड़दंग करने वालों और संदिग्ध लोगों की तलाश में अभियान चलाया। इसमें बीसलपुर चौराहे पर खड़ी एक कार को संदेह के आधार पर खुलवाया गया तो उसमें दो लोग शराब पीते मिले। बाद में पता लगा कि इनमें से एक नगर निगम के बाबू हैं। शुरू में अकड़ दिखाने वाले ये लोग बाद में कार्रवाई की आशंका में गिड़गिड़ाने लगे। एएसपी अभिषेक वर्मा ने माफी मांगने पर इन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया। रुहेलखंड चौकी पुलिस ने ही एक कार पकड़ी। ड्राइवर ने जो आरसी दिखाई वह किसी और के नाम थी। ड्राइवर ने बताया कि वह एक एसडीएम का ड्राइवर है, कार उसकी निजी है। एएसपी ने चोरी के शक में आरसी चेक करने के बाद ही कार छोड़ने को कहा। सिफारिश को कई फोन आए पर पुलिस ने असली कार मालिक को बुलवा ही लिया। उसने स्वीकार किया कि कार उसने बेची है पर ट्रांसफर नहीं कराई गई है। तस्दीक के बाद कार छोड़ दी गई।