चारों जिलों की पुलिसिंग की होगी लगातार समीक्षा
बरेली रेंज के चारों जिलों में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली की लगातार समीक्षा की जाएगी। डीआईजी ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारी की जवाबदेही तय होगी।
चुनाव और त्योहारों को लेकर पहले से तैयारी
डीआईजी ने आगामी विधानसभा चुनाव और त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। बड़े आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पहले से तैयार करने, संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने पर जोर दिया गया।
मीडिया से बेहतर समन्वय पर जोर
पत्रकारों से परिचय प्राप्त करते हुए डीआईजी मुनिराज जी ने कहा कि करीब आठ साल बाद सभी से मुलाकात हो रही है। उन्होंने पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर संवाद को जरूरी बताया। कहा कि बेहतर समन्वय से जनता की समस्याओं और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को समझने में मदद मिलेगी। कहा कि पुलिस की प्राथमिकता अपराधियों पर कार्रवाई के साथ पीड़ितों को न्याय और जनता का विश्वास मजबूत करना है।