बरेली। करीब दो माह से प्रभावित दिल्ली की फ्लाइट अब भी शेड्यूल के तहत उड़ान नहीं भर पा रही है। लेटलतीफी पर संतोषजनक जवाब न मिलने की वजह से एयर ट्रैफिक सामान्य से करीब 20 फीसदी कम दर्ज हो रहा है, जबकि मुंबई और बेंगलुरु की फ्लाइट में एयर ट्रैफिक 90 फीसदी से ज्यादा है। एयरलाइन प्रतिनिधि जल्द शेड्यूल के तहत उड़ान होने की उम्मीद जता रहे हैं।
मार्च के आखिरी सप्ताह से दिल्ली क ी उड़ान लगातार प्रभावित हो रही है। दोपहर 12:10 बजे के बजाय सप्ताह में दो से तीन दिन करीब दो से तीन घंटे की देरी से उड़ान हो रही है। इसकी वजह से बरेली से दिल्ली की उड़ान भी प्रभावित हो रही है। पिछले दिनों करीब तीन से चार घंटे की देरी और अचानक फ्लाइट निरस्त होने की वजह से एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा हुआ था। बेहद जरूरी कार्य से दिल्ली जाने वालों की करीब दो घंटे तक एयरपोर्ट पर मौजूद एलायंस एयर के प्रतिनिधियों से नोकझोंक हुई थी। टिकट के रुपये लौटाने समेत जल्द सुधार का आश्वासन देने के बाद लोग शांत हुए थे।
हंगामे और विरोध के बाद माना जा रहा था कि फ्लाइट का शेड्यूल सुधरेगा। कुछ दिन तक उम्मीद के अनुसार उड़ान भी हुई पर शुक्रवार को फिर दो घंटे की देरी से फ्लाइट बरेली पहुंची। लिहाजा यहां से भी देरी से यात्री उड़ान भर सके। एयरलाइन प्रतिनिधि के मुताबिक दिल्ली एयरपोर्ट का रनवे खाली न मिलने अथवा उड़ान में तकनीकी दिक्कत होने से फ्लाइट लेट हो रही हैं। इसमें सुधार के लिए उच्च स्तर पर प्रयास चल रहे हैं।
करीब 70 फीसदी है दिल्ली का एयर ट्रैफिक
एयरलाइन प्रतिनिधि के मुताबिक दिल्ली के लिए ज्यादातर कनेक्टिंग अथवा बेहद जरूरी कार्य होने पर ही लोग बुकिंग कराते हैं। जिन लोगों को बेहद जरूरी कार्य हैं, वे अब फ्लाइट के शेड्यूल को लेकर असमंजस में हैं। पिछले दिनों हो रही लेटलतीफी का असर एयर ट्रैफिक पर साफ दिखाई दे रहा है। पहले जहां प्रतिदिन करीब 90 फीसदी तक बुकिंग रहती थी, वही अब करीब 70 फीसदी हो रही है। उच्चाधिकारियों को इस संबंध में लगातार रिपोर्ट भेजी जा रही है।
अघोषित तौर पर दो दिन के लिए बंद कर दी मुंबई की उड़ान
एयर ट्रैफिक के लिहाज से गर्मी का मौसम सबसे बेहतर माना जाता है। ट्रेन या बस से लंबी दूरी का सफर करने के बजाय लोग हवाई यात्रा को ज्यादा सहज मानते हैं, लेकिन यहां से मुंबई की उड़ान सप्ताह में दो दिन अघोषित तौर पर बंद कर दी गई है। पिछले कई दिनों से मंगलवार और बृहस्पतिवार को उड़ान की बुकिंग नहीं हो रही। वहीं, बृहस्पतिवार को बेंगलुरु की उड़ान भी बंद है। एयरलाइन प्रतिनिधि साकेत ने मुंबई के लिए सप्ताह में दो दिन उड़ान बंद होने को लेकर जानकारी से इनकार किया है। हालांकि, एयर ट्रैफिक 90 फीसदी से ज्यादा होने की बात कही है।