बरेली। बरेली कॉलेज अपनी वेबसाइट को आधुनिक रूप दे रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से जानकारी देना और आगामी नैक मूल्यांकन की तैयारी मजबूत करना है। नई वेबसाइट पर महाविद्यालय का इतिहास, सभी विभाग और शिक्षकों के विस्तृत विवरण उपलब्ध होगा।
विद्यार्थियों की सुविधा के लिए कॉलेज के नोटिस, नवीनतम जानकारी और विभिन्न गतिविधियों की सूचनाएं अब ऑनलाइन मिलेंगी। महाविद्यालय की बुनियादी सुविधाओं, समितियों और उनके जिम्मेदार अधिकारियों का विवरण भी वेबसाइट पर प्रमुखता से दर्शाया जाएगा। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और पारदर्शिता के लिए छात्र-छात्राओं की प्रतिक्रिया के लिए एक प्रभावी व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। इसके जरिये विद्यार्थी अपनी राय और सुझाव सीधे महाविद्यालय तक पहुंच सकेंगे।
कॉलेज प्रशासन का मानना है कि यह पहल आगामी प्रस्तावित नैक दौरे के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। नैक मूल्यांकन में डिजिटल पारदर्शिता और छात्र सहभागिता का बड़ा योगदान होता है। अर्थशास्त्र विभाग की प्रो. शिखा वर्मा को इस परियोजना के लिए वेबसाइट प्रभारी बनाया गया है। वह अपनी टीम के साथ इस कार्य को तेजी से पूरा करने में जुटी हैं।
वेबसाइट पर रहेंगी ये सुविधाएं
कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. वंदना शर्मा ने कहा कि किसी भी प्रतिष्ठित महाविद्यालय की पहचान सुनिश्चित करने में उसकी आधिकारिक वेबसाइट की अहम भूमिका होती है। आज के दौर में विद्यार्थियों के लिए जरूरी जानकारियां प्राप्त करने का यह सबसे प्रमुख साधन है। वेबसाइट प्रभारी शिखा वर्मा ने बताया कि इस पर लगभग 188 शिक्षकों की जानकारी उपलब्ध होगी। वेब पर मुख्य रूप से मुख्य पृष्ठ, शैक्षणिक, संकाय, प्रवेश और शुल्क, सूचनाएं और समाचार, छात्र अनुभाग और सहायता केंद्र जैसे विकल्प मौजूद रहेंगे। टीम का प्रयास है कि नैक के प्रस्तावित दौरे से पहले सभी आवश्यक कार्य अगले माह तक पूरे कर लिए जाएं।