बरेली। बरेली कॉलेज में रौनक बढ़ने के साथ ही छात्र-छात्राओं ने कोने में बैठकर दोस्ताना भी शुरू कर दिया है। प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों ने सोमवार को एक ऐसे ही जोड़े को पकड़ लिया तो उन्होंने खुद को सही साबित करने के तमाम बहाने बताए मगर झूठ पकड़ा गया। इसके बाद उन्हें काफी देर तक बैठाने के बाद लिखित हिदायत देकर छोड़ दिया गया।
सोमवार को कॉलेज में जिस दौरान छात्रनेताओं और शिक्षकों के बीच टकराव की वजह से अफरातफरी का माहौल था, उसी बीच समाजशास्त्र विभाग की ओर एक कोने में बैठकर बातों में मशगूल एक जोड़े को प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों ने पकड़ लिया और चीफ प्रॉक्टर डॉ. वंदना शर्मा के पास ले गए। छात्रा ने बताया कि वह बीएससी की छात्रा है, उसके साथ बैठा लड़का बीए का छात्र है। दोनों ने एक-दूसरे को रिश्ते का भाई-बहन बता दिया। मगर जब प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने उनसे एक-दूसरे के माता-पिता के नाम पूछे तो दोनों हड़बड़ा गए। चीफ प्रॉक्टर ने डांट लगाते हुए कोने में बैठकर बात करने का कारण पूछा तो दोनों कोई जवाब नहीं दे सके। इस पर दोनों के बैग जमा कराकर प्रॉक्टर ऑफिस के बाहर बैठा दिया। करीब एक घंटे बैठाने के बाद उन्हें लिखित माफीनामा लेकर छोड़ दिया गया।