बरेली में महाशिवरात्रि पर करीब सप्ताह भर तक बरेली विकास प्राधिकरण की ओर से शहर को फूलों से सजाया जाएगा। शिव प्रतीक डमरू, सर्प, त्रिशूल, चंद्रमा आदि समेत विज्ञान और पर्यावरण संरक्षण की अपील करते हुए चौराहे सजाए जाएंगे। शुक्रवार को आगामी फ्लॉवर शो के संबंध में हुई बैठक में ये जानकारी बीडीए उपाध्यक्ष मनिकंडन ए ने दी।
इस पर व्यापार मंडल, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, चैंबर्स ऑफ कॉमर्स, ज्वेलर्स एसोसिएशन, होटल एवं बैंक्वेट हॉल, क्रेडाई, आर्किटेक्ट, आईआईए के पदाधिकारियों ने सहमति जताई। सभी ने सांस्कृतिक स्वरूप प्रदान करने के लिए अपने-अपने सुझाव दिए। उपाध्यक्ष ने करीब सप्ताह भर तक शहर के प्रमुख चौराहों, मुख्य मार्गों, डिवाइडरों, पार्कों, सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण पर चर्चा की। जिसमें प्रतीक और सजावट संबंधी सहमति बनी।
प्रस्तावित किया कि पुष्प सज्जा की थीम सिर्फ धार्मिक प्रतीकों के अलावा विज्ञान, प्रौद्योगिकी, पर्यावरण संरक्षण, हरित ऊर्जा, स्वच्छता, सतत विकास जैसे समकालीन विषय भी शामिल रहें। इसके लिए मुख्य मार्गों को क्षेत्रवार विभाजित कर सेक्टरवार विशेष थीम तय की जाए।
व्यापारी और समाजसेवियों से स्वैच्छिक सहयोग की अपील
बीडीए उपाध्यक्ष ने स्थानीय व्यापारिक, सामाजिक संगठनों से स्वेच्छा से किसी एक सेक्टर या चौराहा गोद लेकर निर्धारित थीम के अनुरूप पुष्प सज्जा कराने की अपील की, ताकि जनसहभागिता रहे। ग्रेटर बरेली स्थित रुद्रावनम पार्क और बीडीए कार्यालय परिसर की सजावट होगी। उपाध्यक्ष ने आयोजन सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय, सहयोग, नवाचार से कार्य करने को कहा ताकि एक भव्य, आकर्षक, सांस्कृतिक स्वरूप बने।