बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण करा चुके छात्र-छात्राओं को बरेली कॉलेज ने एडमिशन का एक मौका दिया है। ऐसे सभी अभ्यर्थी 17 से 19 जुलाई तक बरेली कॉलेज की वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं।
बिना प्रवेश परीक्षा के एडमिशन वाले स्नातक, परास्नातक प्रथम वर्ष एवं सेल्फ फाइनेंस कोर्स में एडमिशन के लिए रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने सोमवार को एडमिशन का एक मौका दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को बरेली कॉलेज ने भी खाली बची सीटों पर एडमिशन के लिए एक बार फिर ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया है। बरेली कॉलेज के मुख्य प्रवेश समन्वयक डॉ. अनुराग मोहन ने बताया कि विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण करा चुके अभ्यर्थी 17 से 19 जुलाई तक बरेली कॉलेज की वेबसाइट पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। इसके बाद 21 जुलाई तक इनकी मेरिट लिस्ट जारी कर 24 जुलाई तक एडमिशन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
आज से जमा होगी सेकेंड ईयर और फाइनल की फीस
बरेली। बरेली कॉलेज मेें विभिन्न पाठ्यक्रम में सेकेंड ईयर और फाइनल ईयर के छात्र-छात्राओं की फीस आज 16 जुलाई से जमा होनी शुरू हो जाएगी, जिसके चलते अब कॉलेज में छात्र-छात्राओं की भीड़ बढ़ जाएगी।
स्नातक, परास्नातक प्रथम वर्ष और डिप्लोमा कोर्स में एडमिशन के साथ ही बरेली कॉलेज ने दस जुलाई से सेकेंड ईयर और फाइनल ईयर के एडमिशन शुरू कर दिए थे। मगर प्रथम वर्ष के एडमिशन की भीड़ होने के चलते उस दौरान कॉलेज ने फीस नहीं जमा की थी। मुख्य प्रवेश समन्वयक डॉ. अनुराग मोहन ने बताया कि बुधवार 17 जुलाई से सेकेंड ईयर और फाइनल की फीस जमा होने लगेगी।