बरेली। बरेली कॉलेज में बंद कैंटीन का फायदा उठाने के लिए कुछ लोगों ने सी टेट की परीक्षा के दौरान छात्रसंघ भवन के बाहर खाने-पीने की दुकान सजा ली। विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने यह देखकर हंगामा कर दिया। इसके बाद प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने खाने का सामान बेच रहे लोगों को हटवा दिया।
बरेली कॉलेज में कैंटीन बंद चल रही है और रविवार को यहां स्टूडेंट्स सी टेट देने आए थे। इसका फायदा उठाते हुए कुछ लोगों ने कॉलेज स्टाफ से सांठगांठ कर छात्रसंघ भवन के सामने खानपान सामग्री की दुकान सजा ली। एबीवीपी के महानगर मंत्री गौरव यादव ने खानपान सामग्री बेच रहे लोगों से अनुमति के बारे में पूछा और इसका विरोध जताया। प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा ने भी ऐसी कोई अनुमति होने से मना किया तो एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्य पहुंच गए और खाद्य सामग्री बेचने वालों को भगा दिया।