बारिश के पानी में धंस गई बरेली-बदायूं रोड।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
सड़क की गिट्टी और मिट्टी बारिश में बह गई, कभी भी हो सकता है हादसा
बरेली। बदायूं-बरेली हाईवे पर लोक निर्माण विभाग ने डिवाइडरों पर सांकेतिक बोर्ड तो लगा दिए हैं मगर बड़े-बड़े गड्ढों को अभी तक नहीं भरा गया है। रामगंगा पुल के आगे सड़क के किनारे धंसने की कगार पर है। सड़क के नीचे से गिट्टी और मिट्टी बारिश में बह गई है। यहां कभी भी हादसा हो सकता है मगर इसकी मरम्मत नहीं कराई गई।
बदायूं-बरेली हाईवे पर अभी तक सांकेतिक बोर्ड नहीं लगे थे। यहां डिवाइडरों पर सांकेतिक बोर्ड न होने से आए दिन हादसे हो रहे थे। पिछले सप्ताह रामगंगा तिराहे पर एक ट्रक डिवाइडर के ऊपर चढ़ गया था। अमर उजाला में सभी डिवाइडरों का हाल छपने के बाद लोक निर्माण विभाग हरकत में आया और डिवाइडरों पर सांकेतिक बोर्ड लगवा दिए हैं। सभी चौराहे-तिराहे व डिवाइडर कट पर भी बोर्ड लगवा दिए हैं। एक्सईएन पीके बांगड़ी ने बताया कि सड़कों को चिह्नित किया जा रहा है। जहां मरम्मत का काम होना है वहां मरम्मत का काम कराया जाएगा। जहां जरूरत होगी पैचवर्क कराया जाएगा।
सड़कों का नहीं कराया पैचवर्क
सड़कों पर गड्ढे अब भी खुले पड़े हैं। बरेली से रामगंगा पुल के आगे तक अभी तक सड़क पर पैचवर्किंग का काम नहीं हुआ है। रामगंगा पुल के आगे बगिया मोड़ पर सड़क खतरनाक बनी हुई है। यहां बारिश में सड़क के नीचे से मिट्टी और गिट्टी बह चुकी है। किसी भी भारी वाहन यहां से गुजरने पर सड़क ढह सकती है और यहां हादसा हो सकता है।