फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बरेली में दर्दनाक हादसा: जौ से भरा ट्रक कार पर पलटा, बैंक मैनेजर की मौत; ड्यूटी के बाद घर लौट रहे थे हेमंत

Sat, 02 Mar 2024 08:19 AM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

सार

बरेली के भोजीपुरा क्षेत्र में शुक्रवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। बड़ा बाईपास पर जौ से भरा ट्रक कार पर पलट गया, जिससे कार सवार बैंक मैनेजर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मशक्कत कर जाम खुलवाया। 
विज्ञापन
ट्रक के नीचे दबी कार, हेमंत का फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली के भोजीपुरा इलाके में नैनीताल हाईवे से जुड़े बड़ा बाइपास पर शुक्रवार रात रामपुर से ड्यूटी करके लौट रहे बैंक के शाखा प्रबंधक की कार पर ट्रक पलट गया। इससे शाखा प्रबंधक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। चार थानों की पुलिस ने जाम खुलवाकर वाहनों को निकलवाया।

विज्ञापन


रात साढ़े आठ बिलवा स्थित बड़ा बाइपास पर जौ से भरा ट्रक लखनऊ की ओर जा रहा था। रामपुर जिले की पंजाब एंड सिंध बैंक की बेहटा शाखा के प्रबंधक के पद पर तैनात इज्जतनगर की डिफेंस कॉलोनी निवासी हेमंत कुमार राणा (32) ड्यूटी खत्म करके अपनी कार से बरेली की ओर आ रहे थे। हाईवे पर दोनों वाहन बिलवा पुल से नीचे उतर रहे थे। बताते हैं कि अचानक ट्रक के सामने बाइक आ गई। बाइक बचाने के चक्कर में ट्रक अनियंत्रित होकर बराबर से गुजर रही कार पर पलट गया।

कार ट्रक के नीचे दब गई। इससे बड़ा बाइपास पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। इंस्पेक्टर भोजीपुरा जगत सिंह ने जेसीबी मंगाकर दो घंटे की मशक्कत के बाद कार से हेमंत को निकाला। तब तक हेमंत की मौत हो चुकी थी। हालांकि, उनके पिता श्याम सिंह बेटे को जीवित मानकर स्थानीय मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर शव मोर्चरी में रखवा दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

अविवाहित थे हेमंत
घटना की जानकारी पर परिवार के अधिकतर लोग भोजीपुरा पहुंच गए। रात में घर के बाहर पड़ोसी एकजुट होकर संवेदना जता रहे थे। बताया कि हेमंत के पिता श्याम सिंह उत्तराखंड के सितारगंज क्षेत्र के मूल निवासी हैं। वह इज्जतनगर में रेलवे के डीजल शेड में कार्यरत हैं। कई साल पहले यहां डिफेंस कॉलोनी में घर बनाकर रहने लगे थे। हेमंत के परिवार में पिता के अलावा मां राकेश देवी, बड़े भाई अवधेश राणा, बहन मीनू हैं। दोनों भाई-बहन की शादी हो चुकी है। सबसे छोटे हेमंत अविवाहित थे।

बड़ा बाइपास पर जाम लगा तो दिल्ली व लखनऊ जाने वाले सैकड़ों वाहन फंस गए। करीब एक घंटे समस्या बनी रही। बाद में एडीएम सिटी, एसडीएम सदर, सीओ हाईवे पहुंच गए। भोजीपुरा, सीबीगंज, इज्जतनगर और बिथरी थानों की पुलिस बुला ली गई। जेसीबी से दोनों वाहनों को हटाकर आवागमन सुचारु कराया गया। सीओ हाईवे नितिन कुमार ने बताया कि दोनों वाहन कब्जे में ले लिए हैं। तहरीर के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें