बरेली। एसबीआई की शाखाओं में कनेक्टविटी की दिक्कत के चलते दिनभर लेनदेन प्रभावित रहा। कैश जमा और निकासी करने आए ग्राहकों को कई घंटे परेशान होना पड़ा। इसके अलावा चेक क्लीयरेंस सहित बैंक संबंधी दूसरे काम भी प्रभावित रहे। बैंक अधिकारियों का कहना है कि मुंबई मुख्यालय से ही कुछ तकनीकी खराबी होने से यह दिक्कत पैदा हुई थी।
सोमवार को जैसे ही बैंकें खुली, कम्प्यूटर पर लॉगिंग न होने से बैंक स्टाफ काफी देर परेशान रहा। इस बीच, काउंटर पर ग्राहकों की भीड़ बढ़ने लगी। कचेहरी के पास बैंक की मेन ब्रांच में भी ऐसी दिक्कत पैदा हुई तो स्टाफ ने वहां बैंक अधिकारियों से इसकी शिकायत दी। काफी देर तक लोकल फाल्ट तलाशा जाता रहा लेकिन बाद में पता चला कि यह समस्या मुंबई मुख्यालय से ही है। इसके बाद अधिकारी थोड़ी-थोड़ी देर में हेड क्वार्टर फोन तो लगाते रहे लेकिन समस्या हल नहीं हुई। सर्वर कभी आए तो कभी सिस्टम के फिर ठप हो जाने से ग्राहकों को काफी परेशानी हुई। इसकी वजह से कैश जमा और निकासी भी प्रभावित रही। इसके अलावा दूसरी शाखाओं के चेक क्लीयरेंस, आरटीजीएस सहित दूसरी ऑनलाइन सेवाओं को लिए भी ग्राहकों को परेशान होना पड़ा। यही हाल, सिविल लाइंस, मॉडल डाउन, राजेंद्र नगर सहित कई शाखाओं में भी कनेक्टविटी की दिक्कतर रही।