बरेली। लगातार चार दिन की छुट्टी के अंतिम दिन ज्यादातर एटीएम दगा दे गए। तमाम एटीएम तो बंद थे तो कई में कैश ही नहीं था। कुछ जगहों पर एटीएम में तकनीकी खराबी देखी गई लेकिन स्टाफ के ड्यूटी पर न होने से उसे ठीक नहीं किया जा सका। ऐसे में भाईदूज के दिन लोगों को कैश की किल्लत झेलनी पड़ी।
बैंकों में 26 अक्तूबर को चौथे शनिवार से लगातार छुट्टी चल रही है। हालांकि बैंक अधिकारियों का कहना था कि छुट्टी के दौरान करेंसी चेस्ट खोलकर एटीएम में कैश की फीडिंग की जाएगी लेकिन तमाम बैंकों का स्टाफ छुट्टी ही मनाता रहा। इस वजह से ज्यादातर एटीएम में कैश नहीं भरा जा सका। कुछ तकनीकी खराबी आने से बंद हो गए, जिन्हें स्टाफ मौजूद न होने से ठीक नहीं किया जा सका। सिविल लाइंस में एक्सिस बैंक का एटीएम तो खुला था लेकिन तकनीकी खामी के चलते कैश की निकासी नहीं हो पा रही थी। विकास भवन के पास बैक ऑफ बड़ौदा की ब्रांच में कई एटीएम लगे हैं लेकिन मंगलवार को सिर्फ एक ही एटीएम से निकासी हो पा रही थी। इस वजह से वहां भीड़ लगी थी। इधर, गांधी उद्यान-चौकी चौराहा रोड पर पीएनबी के एटीएम में भी कैश नहीं था। यहां बैंक की सीडीएम यानी कैश डिपॉजिट मशीन भी लगी हुई है। इसमें कैश जमा होने के बाद भी निकासी हो पा रही थी। स्टेडियम रोड पर पंजाब एंड सिंध बैंक के एटीएम से भी कैश नहीं निकल रहा था। यही हाल शहर में तमाम दूसरे बैंकों के एटीएम का रहा। मंगलवार को भाईदूज होने से भाइयों के घर जा रही बहनों को भी करेंसी की किल्लत झेलनी पड़ी। बैंक अधिकारियों का कहना है कि बुधवार को एटीएम में कैश की आपूर्ति प्राथमिकता से कराई जाएगी।