बहेड़ी। बीएएमएस की पढ़ाई कर रहे नशेड़ी युवक ने बेरहमी से पत्नी की पिटाई करने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी और शव घर में पड़ा छोड़कर भाग गया। मृतका के पिता के मुताबिक उनका दामाद काफी समय से बतौर दहेज दो लाख रुपये मांग रहा था। इसी कारण अक्सर उनकी बेटी को पीटता था। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।
मीरगंज के गांव नरखेडा निवासी अभय सिंह ने पांच साल पहले बेटी शालू (27) की शादी दौलतपुर गांव के राजीव सिंह के साथ की थी जो भाजपा के एक पदाधिकारी का भाई भी है और बरेली के एक मेडिकल कॉलेज से बीएएमएस की पढ़ाई कर रहा है। शराब पीने का आदी राजीव अक्सर नशे में शालू को पीटता था। चार दिन से वह रोज उससे मारपीट कर रहा था। रविवार शाम उसने पहले शालू का बुरी तरह पीटकर बेदम कर दिया। इसके बाद गला दबाकर हत्या करने के बाद घर से भाग गया। घटना की सूचना पर सीओ रामानंद राय और इंस्पेक्टर पंकज पंत मौके पर पहुंचे। बरेली से फील्ड यूनिट की टीम भी पहुंच गई। जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेजा गया। परिजन ने सीओ को बताया कि राजीव कई दिनों से शालू पर दो लाख रुपये मायके लाने का दबाव बना रहा था, जिसका वह विरोध कर रही थी। इसी को लेकर वह उसे रोज पीट रहा था। रविवार को पीटने के बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी राजीव को हिरासत में ले लिया है। पिता अभय सिंह की तहरीर पर बहेड़ी थाने में पति राजीव सिंह, सास विध्या देवी, ननद शीनू और सविता के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
चार साल को बेटा बोला.. पापा ने मम्मी को मारा
घटना के बाद से शालू का चार साल को बेटा तेजस सहमा हुआ था। पुलिस ने जब घटना के बारे में उससे पूछा तो उसने बताया कि पापा रोज मम्मी को पीटते थे। शाम को भी पापा ने मम्मी को बुरी तरह पिटाई की थी, फिर कहीं चले गए। इसके बाद से मम्मी उठ नहीं रही है। बाद में उसके मामा उसे बहलाकर अपने साथ ले गए।
आत्महत्या बनाने की तैयारी थी पुलिस के पहुंचने से बिगड़ा खेल
हत्या के बाद राजीव का इरादा घटना को आत्महत्या दिखाने का था। इसकी उसने पूरी तैयारी भी कर ली थी। साड़ी का फंदा बनाकर उसने पंखे पर डाल दिया था और शव को उस पर लटकाने जा रहा था, लेकिन इसी बीच पुलिस वहां पहुंच गई और उसके खेल बिगड़ गया। इसके साथ ही उसने ससुरालवालों को भी फोन यही कहा था कि शालू ने आत्महत्या कर ली है।
पिता की तहरीर पर पति राजीव सिंह समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। दूसरे आरोपियों की तलाश की जा रही है। - रामानंद राय सीओ बहेड़ी