बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी योजना के तहत जिले के 15 स्कूलों में बाल वाटिका केंद्र शुरू हो गए हैं। जहां तीन से छह साल तक के बच्चों को किताबों के बोझ से दूर खेल-खेल में पढ़ाई और संस्कार दिया जा रहा है। ताकि रचनात्मक का विकास हो सके।
बाल वाटिका केंद्र के जरिए बच्चों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप है और बच्चों की औपचारिक शिक्षा से पहले मजबूत नींव रखेगी। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि 2026 तक जिले के हर स्कूल में बाल वाटिका तैयार होगी। जिले के भुता का अठाना प्राथमिक विद्यालय, बिथरी चैनपुर का रूपापुर, भोजीपुरा का गोटिया मुड़िया हाफिज, मझगवां का चंदनपुर, दमखोदा का मुरारपुर, रामनगर का लीलौर चाहरम, भदपुरा का अलहैया, फतेहगंज पश्चिमी का पटवईया, आलमपुर जाफराबाद का मिलक, क्यारा का पीएम श्री विद्यालय (सिमरा बोरीपुर), फरीदपुर का हरेला, शेरगढ़ का डूंगरपुर, नवाबगंज का इनायतपुर, मीरगंज का चुरई दलपतपुर, बहेड़ी का हथमना प्राथमिक विद्यालय में बाल वाटिका केंद्र शुरू हो गए हैं। ब्यूरो