बहेड़ी। केंद्रीय वाणिज्य, उद्योग, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने शुक्रवार को रिछा में 66 लाख के कार्यों का लोकार्पण किया। इसमें 20 लाख की लागत से बना सामुदायिक केंद्र और 46 लाख से कोतवार में बनी कोलतार की दो सड़कें शामिल हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष कैसर जहां और उनके पति तनवीर अहमद ने उनका स्वागत किया। राज्यमंत्री ने बहेड़ी-मुड़िया मार्ग खस्ताहाल होने की शिकायत पर जवाब मांगा। बजट का रोना रोने पर उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारी पर नाराजगी जताई।
जनसंवाद में बरातघर न होने की शिकायत पर मंत्री ने जल्द निर्माण का आश्वासन दिया। रिछा औद्योगिक क्षेत्र होने से राइस मिलों की अधिकता के कारण फायर ब्रिगेड यूनिट की मांग पर उन्होंने एसडीएम गोपाल शर्मा को बुलाकर जमीन तलाशने और दमकल केंद्र बनाने के निर्देश दिए। इसके बाद मंत्री बाजपुर, जाम सावंत और सीकरी गांव पहुंचे। सीकरी में उन्होंने लोगों को भाजपा विधायक को जिताने को कहा। लोगों की मांग पर आदर्श कॉलोनी और केशवपुरम के ऊपर से अंग्रेजों के जमाने की जर्जर लाइन को हटाकर अंडरग्राउंड तार डालने के लिए बिजली निगम को बजट और प्लान बनाने को कहा। गन्ना भुगतान पर चिंता जताई।
-
पीडब्ल्यूडी अफसर से नाराज हुए मंत्री
बहेड़ी। बहेड़ी-मुड़िया मार्ग खस्ताहाल होने की शिकायत पर मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता भगत सिंह को बुलाया। देर से आने पर फटकार लगाते हुए चौड़ीकरण और नई कोलतार सड़क डालने के निर्देश दिए। बजट अभाव की बात पर बोले- फॉलोअप क्यों नहीं किया, कागजों में कार्रवाई कर ठंडे बस्ते में क्यों डाला। नदेली मार्ग निर्माण धीमा होने पर चेताया कि पीलीभीत संसदीय क्षेत्र में लापरवाही नहीं चलेगी। उन्होंने बरेली में मुख्य अभियंता को बैठक के लिए तलब किया।
कार्यक्रम में गन्ना समिति निदेशक मेजर सिंह, ओमवीर सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष रश्मि जायसवाल के पति अजय जायसवाल, ब्लॉक प्रमुख शेरगढ़ भूपेंद्र कुर्मी, आसे राम, जयेंद्र पाल सिंह, गंगाराम मौर्य, नगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता आदि मौजूद रहे।
-
भीड़ में टिकट, जुबां पर लोकल...मंत्री की चुटकी
बहेड़ी। केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद का जनसंवाद खत्म हुआ ही था कि सियासत गरमा गई। ग्राम सीकरी में कार्यक्रम के बाद जैसे ही वह अपनी कार में बैठने लगे, भाजपा से विधानसभा टिकट के दावेदारों का जमावड़ा लग गया। पास में ही गन्ना समिति के डायरेक्टर भी खड़े थे। इसी बीच रालोद के पूर्व जिलाध्यक्ष ने भीड़ में से आवाज लगाई - विधायक बाहर से नहीं आना चाहिए। बस फिर क्या था, राज्यमंत्री ने टिकट मांग रहे सभी दावेदारों की तरफ मुस्कुराते हुए देखा और चुटकी लेते हुए कहा - विधायक तो लोकल का ही होना चाहिए। इतना कहकर वह हंसते हुए अपनी कार में बैठे और काफिला आगे बढ़ गया, लेकिन अपने पीछे टिकट के दावेदारों के चेहरों पर सवाल छोड़ गए। सियासी गलियारों में चर्चा तेज है कि जितिन प्रसाद ने इशारों-इशारों में बड़ा संदेश दे दिया है।