फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बदायूं कांड: सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार, इंस्पेक्टर निलंबित, आरोपियों पर लगेगी रासुका

Wed, 06 Jan 2021 10:52 PM IST
प्राची प्रियम संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
विज्ञापन
मौके पर जांच करने पहुंचे अधिकारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के उघैती इलाके में तीन जनवरी की रात धर्मस्थल में दरिंदगी के बाद महिला की हत्या के मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी पुजारी फरार है। एसएसपी ने उस पर 25 हजार रुपये इनाम घोषित किया है। 
विज्ञापन


इस मामले में लापरवाही सामने आने पर एसएसपी ने उघैती इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया है। वहीं एडीजी अविनाश चंद्र ने डीएम-एसएसपी के साथ गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और आरोपियों पर कार्रवाई के साथ रासुका लगाने का आश्वासन दिया।

तीन जनवरी की रात उघैती इलाके के एक धर्मस्थल में 45 वर्षीय महिला की सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी। शुरुआत में पुलिस इसे हादसा बनाने की कोशिश करती रही, लेकिन मंगलवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने जब महिला के साथ हुई हैवानियत उजागर की तो पुलिस के होश उड़ गए। 
विज्ञापन


पुलिस ने घटना के तीसरे दिन धर्मस्थल के पुजारी सत्यनारायण दास और उसके सहयोगी वेदराम व यशपाल के खिलाफ दुष्कर्म और हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज की। मंगलवार रात पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश देकर आरोपी वेदराम और यशपाल को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन पुजारी सत्यनारायण हाथ नहीं आया। 

एसएसपी ने उसकी तलाश में चार टीमें लगाई हैं। साथ ही उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। मामले में उघैती इंस्पेक्टर राघवेंद्र प्रताप सिंह की लापरवाही सामने आने पर एसएसपी ने उसे निलंबित कर दिया है। 

बुधवार दोपहर एडीजी अविनाश चंद्र, डीएम कुमार प्रशांत और एसएसपी संकल्प शर्मा महिला के घर पहुंचे। उन्होंने परिवार वालों के आश्वासन दिया कि इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

आरोपियों पर रासुका लगाने के साथ ही मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाएगा। परिवार वालों को रानी लक्ष्मीबाई योजना के तहत दस लाख रुपये, बीमा के 70 हजार, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ और दो बेटियों को कन्या सुमंगला योजना के तहत लाभ दिया जाएगा। 

 
विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने एडीजी से तलब की रिपोर्ट 

महिला की सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एडीजी अविनाश चंद्र से घटना की रिपोर्ट तलब की है। इस संबंध में अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने कहा है कि मुख्यमंत्री ने कहा हा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री के संज्ञान लेने से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में खलबली मच गई है। 

उघैती इंस्पेक्टर ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया था। इससे उसे निलंबित कर दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के शरीर पर चोटें थीं। उसके प्राइवेट पार्ट में भी चोटें पाई गई हैं। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरे आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए चार टीमें लगाई हैं। उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 
-अविनाश चंद्र, एडीजी

दुष्कर्म और महिला की हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। आरोपियों पर रासुका लगाई जाएगी। ये मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाएगा। परिवार वालों को रानी लक्ष्मीबाई योजना के तहत 10 लाख रुपये, बीमा के तहत 70 हजार, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ और कन्या सुमंगला योजना के तहत लाभ दिया जा रहा है। 
-कुमार प्रशांत, डीएम

प्रथम दृष्टया इस मामले में उघैती थाना इंचार्ज की लापरवाही पाई गई है। उसे निलंबित कर दिया है। तीन आरोपियों में से एक आरोपी अभी फरार है। उसके ऊपर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-संकल्प शर्मा, एसएसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें