बरेली में शनिवार देर रात बारिश होने से मौसम ठंडा हो गया।
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ का असर हावी होने से छाए रहेंगे बादल
बरेली। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद जब मौसम साफ हुआ और धूप निकली तो ठंड भी विदा लेने लगी। लोगों ने भारी-भरकम गर्म कपड़े दिन में पहनने बंद कर दिए। यह माना जाने लगा कि इस बार होली पर ठीकठाक गर्मी हो जाएगी, लेकिन शनिवार शाम को मौसम ने अचानक यूटर्न ले लिया। देर रात तक हुई बारिश से विदा लेती ठंड के कदम ठिठक गए। मौसम विज्ञानियों ने पश्चिमी विक्षोभ से फिलहाल बादल छाए रहने और निम्न वायुदाब क्षेत्र बनने से कई इलाकों में बूंदाबांदी की आशंका जताई है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के डायरेक्टर डॉ. जेपी गुप्ता के मुताबिक, शनिवार शाम शहर में हवा की दिशा बदलने के बाद बादलों का उमड़ना शुरू हो गया। शाम को हल्की सर्द हवा के असर से लोग कंपकंपाने लगे। रात करीब 10 बजे से गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। जिले में कुछ इलाकों में सुबह तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। डॉ. गुप्ता के मुताबिक, कुछ दिनों तक बादल छाए रहेंगे। शनिवार को अधिकतम 23.4 डिग्री और न्यूनतम 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में शुक्रवार के मुकाबले 2.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।