बरेली। बिजली निगम के बाबू ने महिला से 10 हजार रुपये ठग लिए। इसके बाद वह महिला को टरकाता रहा। बुधवार महिला रामपुर गार्डन स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंची तो पता लगा कि 10 हजार रुपये लेने वाले बाबू का तबादला हो गया है। इस पर महिला ने हंगामा किया।
बारादरी थाना क्षेत्र के रबड़ी टोला निवासी रेशमा ने बताया कि वह विधवा हैं। पिछले साल विजिलेंस ने उनके घर पर बिजली चोरी पकड़ी थी। बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराकर उन पर जुर्माना लगा दिया गया। कुछ दिन बाद उनको नोटिस मिला तो उन्होंने एक बाबू से संपर्क किया। बाबू ने 10 हजार रुपये में निपटारा करने की बात कही। उन्होंने बाबू को 10 हजार रुपये दे दिए। इसके बाद एक हजार रुपये एंटी पावर थेफ्ट थाने में तैनात एक कर्मचारी ने भी लिए। रुपये देने के बावजूद उसको रशीद नहीं दी गई। बाबू ने उससे 10 हजार रुपये की ठगी कर ली। अब बाबू का तबादला हो गया है। उस पर बिजली निगम का जुर्माना अब भी बकाया है। संवाद