कई विद्यार्थियों के आवंटित कॉलेज भी बदल गए, परीक्षा फॉर्म भरने के लिए परेशान हो रहे छात्र-छात्राएं , 31 दिसंबर है प्रस्तावित तिथि परीक्षा फार्म भरने की
बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से स्नातक प्रथम सेमेस्टर के परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया विद्यार्थियों के लिए जी का जंजाल बन गई है। तकनीकी खामियों और डेटा मिसमैच के कारण विद्यार्थियों के भविष्य पर संकट मंडराने लगा है। सबसे ज्यादा शिकायतें बरेली कॉलेज के विद्यार्थियों की ओर से आ रही हैं। प्रवेश और परीक्षा फॉर्म में अंतर के चलते विद्यार्थी चक्कर काट रहे हैं।
विद्यार्थियों का आरोप है कि उन्होंने प्रवेश के समय जिस पाठ्यक्रम का चयन किया था, पोर्टल पर परीक्षा फॉर्म भरते समय वह बदल गया है। बरेली कॉलेज के कई छात्र-छात्राएं, जिन्होंने बीए में प्रवेश के लिए अपनी सीट लॉक कराई थी, उनका रिकॉर्ड अब बीकॉम दिखा रहा है। इसी तरह बीएससी और बीए के अन्य विद्यार्थियों के पाठ्यक्रमों में भी फेरबदल की शिकायतें मिली हैं।
हैरानी की बात यह है कि केवल पाठ्यक्रम ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के आवंटित कॉलेज के नाम भी बदल गए हैं। बरेली कॉलेज में प्रवेश लेने वाले कुछ छात्र जब अपना फॉर्म लॉगिन कर रहे हैं, तो कॉलेज के नाम में अग्रसेन कॉलेज या अन्य निजी महाविद्यालय प्रदर्शित हो रहा है।
ऐसे में विद्यार्थी असमंजस में हैं कि उनकी डिग्री और परीक्षा केंद्र का क्या होगा। प्रवेश समन्वयक प्रो. वंदना शर्मा ने बताया कि ऐसे करीब 20 विद्यार्थियों ने शिकायत की है। विश्वविद्यालय को इस मामले की जानकारी दी गई है।
तैयारी नहीं कर पा रहे विद्यार्थी विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर तय की है। इसके साथ ही प्रथम सेमेस्टर का संभावित परीक्षा कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है। इसमें दो जनवरी से परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। समय कम होने और पोर्टल पर आ रहीं इन त्रुटियों के कारण विद्यार्थी कॉलेज से लेकर विश्वविद्यालय के चक्कर काट रहे हैं। ऐसे में उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। विद्यार्थियों का कहना है कि यदि समय रहते सुधार नहीं हुआ, तो वह परीक्षा से वंचित रह सकते हैं या गलत विषय की परीक्षा देने को मजबूर होंगे। संवाद
मैंने बरेली कॉलेज में बीए के लिए सीट लॉक की थी। इसकी रसीद भी मेरे पास है। अब जब फॉर्म भर रहा हूं तो पोर्टल मुझे बीकॉम का छात्र दिखा रहा है। - अजय
मैंने प्रवेश बीएससी (बाॅयो) में लिया था। अब फॉर्म में विषय कुछ और ही दिख रहे हैं। समझ नहीं आ रहा कि परीक्षा की तैयारी किस आधार पर करूं।- स्नेहा
मेरा प्रवेश बरेली कॉलेज में हुआ था, लेकिन फॉर्म पर कॉलेज का नाम महाराजा अग्रसेन कॉलेज दिखा रहा है। कॉलेज प्रशासन के पास भी इसका कोई ठोस जवाब नहीं है। आयुष