गली आर्य समाज में फैला सन्नाटा।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
रंगीलाल कॉम्प्लेक्स की तर्ज पर बाकी शहर में भी यही रोस्टर लागू करने पर विचार
बरेली। कोरोना संक्रमण की तेज रफ्तार ने व्यापारियों को दहशत में डाल दिया है। किराना और कंप्यूटर बाजार के बाद साड़ियों के सबसे बड़े मार्केट गली आर्य समाज मर्चेंट एसोसिएशन ने तीन अगस्त तक के लिए साड़ी बाजार बंद करने का एलान कर दिया है। उधर, रंगीलाल कॉम्प्लेक्स में सभी सराफा कारोबारियों ने भी अपनी दुकानें अब हफ्ते में तीन दिन ही खोलने का फैसला किया है।
गली आर्य समाज मर्चेंट एसोसिएशन की सोमवार दोपहर हुई बैठक में सभी की सहमति से साड़ी, सूट, लहंगे की सारी दुकानें तीन अगस्त तक बंद करने का फैसला लिया गया। बैठक में कहा गया कि फिलहाल बाजार में भीड़ के साथ कोरोना का खतरा लगातार बढ़ रहा है। लगातार व्यापारी भी कोरोना संक्रमण के शिकार हो रहे हैं। लिहाजा सभी कारोबारी हर हालत में तीन अगस्त तक दुकानें बंद रखें।
सोमवार को ही रंगीलाल कॉम्प्लेक्स स्थित सराफा कारोबार करने वाले व्यापारियों ने भी आपसी सहमति के आधार पर हफ्ते में तीन दिन ही दुकानें खोलने का फैसला किया। इस बैठक में पहले कुछ सराफा कारोबारियों ने लंबे समय के लिए कारोबार बंद करने का प्रस्ताव रखा लेकिन बाद में तय हुआ कि सप्ताह में सिर्फ सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को कारोबार किया जाए। सभी की सहमति मिलने के बाद इस पर निर्णय ले लिया गया। सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप अग्रवाल मिंटू ने बताया कि वे रंगीलाल कांप्लेक्स की तरह पूरे शहर में सराफा कारोबार सप्ताह में तीन दिन चलाने पर विचार कर रहे हैं। जल्द ही आपस में बातचीत कर फैसला लिया जाएगा ताकि बाकी सराफा कारोबार भी इसी रोस्टर के आधार पर चले।
आज से नहीं खुलेगा कंप्यूटर मार्केट
श्यामगंज किराना-मेवा व्यापारी एसोसिएशन के बाद रविवार को कंप्यूटर कारोबारियों ने 28 जुलाई से तीन अगस्त तक दुकानें बंद करने का एलान किया था लिहाजा मंगलवार से कंप्यूटर की दुकानें हफ्ते भर के लिए बंद हो जाएंगी। हालांकि होम डिलीवरी जारी रहेगी। देर शाम ज्यादातर दुकानदारों ने जरूरी कागजात और उपकरण शोरूम से निकालकर घरों पर पहुंचवा दिए ताकि बंदी के दौरान होम डिलीवरी हो सके।