नवाबगंज। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में लाभार्थियों से घूसखोरी की गई है। संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम के सामने भी यह मामला उठा था। अब एक लाभार्थी का ऑडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह अग्रिम पंजीकरण में पांच हजार रुपये और आवास स्वीकृत होने पर 15 हजार रुपये पालिका कर्मियों को देने की बात कह रहा है। ऑडियो वायरल होने के बाद घूसखोरी का मामला और तूल पकड़ गया है।
वायरल ऑडियो में आवास के लाभार्थी का बेटा किसी अन्य से बात कर रहा है। वह बता रहा है कि आवास के लिए नगर पालिका में 20 हजार रुपये लिए जा रहे हैं। इसमें पांच हजार रुपये पंजीकरण के नाम पर पहले जमा करा लेते हैं और आवास स्वीकृत होने पर शेष 15 हजार रुपये लेते हैं। यदि नहीं देंगे तो वह दूसरी किस्त रुकवा देते हैं। ऑडियो में व्यक्ति कहते सुना जा रहा है कि एक व्यक्ति ने आवास स्वीकृत कराने के नाम पर 20 हजार रुपये लिए हैं। उसके घर में दो लोगों को आवास स्वीकृत हुए हैं, जिसके बदले उसने 40 हजार रुपये दिए हैं। संवाद न्यूज एजेंसी वायरल ऑडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करती।
ऑडियो वायरल होने के बाद लाभार्थी लामबंद होने लगे हैं। संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम को प्रार्थना पत्र देकर लाभार्थियों से 20-20 हजार रुपये वसूलने का आरोप लगाया है। डीएम ने एसडीएम को प्रकरण की जांच कराकर कार्रवाई करने के आदेश भी दिए थे, लेकिन अभी तक एसडीएम की तरफ से जांच शुरू भी नहीं कराई गई है। वहीं, पूर्व ब्लॉक प्रमुख धर्मेंद्र सिंह गंगवार ने नगरीय क्षेत्र में स्वीकृत आवासों के लाभार्थियों की सूची सार्वजनिक कराने की मांग एसडीएम और ईओ से की है। बताया जा रहा है कि नगर पालिका क्षेत्र में 485 लाभार्थियों के नाम आवास स्वीकृत हुए हैं।
लाभार्थियों के घर जाकर वीडियो बनाया जा रहा है। उनसे पूछा जा रहा है कि आवास के नाम पर आपसे से रुपये लिए गए या नहीं? रविवार रात ऑडियो में बातचीत के दौरान 20 हजार रुपये लेकर आवास स्वीकृत किए जाने की बात कहने वाला व्यक्ति मुकर गया। उसने बताया कि शराब के नशे में उससे यह बात कहलवाई गई थी।
अधिशासी अधिकारी से बात करके मामले की जांच कराई जाएगी। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। - उदित पवार, एसडीएम
आवास योजना में घूसखोरी के आरोपों की जांच शुरू कर दी है। लाभार्थियों की सूची दो दिन बाद सार्वजनिक कर देंगे। - आरआर अंबेश, ईओ नवाबगंज