पंप के ही कर्मचारी दो लड़कों के खिलाफ लिखाई रिपोर्ट, सीओ करेंगे सत्यता की जांच
फतेहगंज पूर्वी। स्थानीय पेट्रोल पंप पर काम करने वाले दो युवकों ने चौकीदार की बेटी को जबरन खेत में खींचकर ले गए और दुष्कर्म की कोशिश की। पिता ने दोनों आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज करा दी। सीओ को सत्यता की जांच के आदेश दिए गए हैं।
चौकीदार पिता ने बताया कि बुधवार दोपहर वह अपनी दोनों नाबालिग बेटियों को खोखे पर बैठाकर रिश्तेदारी में चला गया था। गुरुवार सुबह घर पहुंचा तो 15 साल बेटी ने बताया कि बुधवार दोपहर वह चाय की पत्ती और चीनी खरीदने साइकिल से कस्बे के बाजार जा रही थी। जैसे ही वह सेना के कैंपिंग ग्राउंड के करीब से गुजरी तभी पेट्रोल पंप के दो कर्मचारी प्रमोद तथा संजीव मोटर साइकिल से पीछे से आ गए। दोनों ने साइकिल में टक्कर मारकर उसे सड़क पर गिरा दिया। फिर ग्राउंड में पेड़ों के बीच खींचकर ले गए। दोनों ने उसके साथ अश्लील हरकतें भी कीं। पीडिता ने अपनी मां को गालों पर बने उन निशानों को भी दिखाया जो कि आरोपियों के दांतो से काटने से बने थे। पिता ने दोनो आरोपियों के विरुद्ध थाने में तहरीर दी है। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एसपी देहात ने बताया कि एक ही जगह काम करने वाले लोगों का मामला है। घटना पर सवाल उठ रहे थे तो सीओ फरीदपुर से सत्यता की जांच कराने को कहा गया है।
फरीदपुर में बारह साल के किशोर पर छेड़छाड़ की रिपोर्ट
बरेली। फरीदपुर कस्बे में एक अजीबोगरीब घटनाक्रम के तहत 12 साल के किशोर पर पड़ोस में रहने वाली हमउम्र किशोरी से छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने मामला तो दर्ज कर लिया है पर घटना की सच्चाई को लेकर संदेह बरकरार है। दरअसल पीड़ित बच्ची के पिता के खिलाफ आरोपी पक्ष के लोगों ने पहले तहरीर दी थी। उसमें मारपीट की एनसीआर दर्ज की गई। एसएसपी ने बताया कि पूर्व में हुई घटना से जोड़कर भी नए मामले की जांच की जाएगी। अगर आरोप गलत होगा तो उसी हिसाब से कार्रवाई होगी। ब्यूरो